Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में एसआईआर 2026 की समीक्षा बैठक

कोडरमा: विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मरकच्चो प्रखंड कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसआईआर 2026 के तहत संचालित कार्यों की प्रगति एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि एसआईआर के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने निर्देश दिया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए तथा किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप संपन्न कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं निर्धारित प्रक्रिया से अवगत कराया जाए तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित प्रावधानों के तहत उसका सुधार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नये मतदाताओं को जोड़ने तथा दावा, आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया वर्तमान में निर्धारित अवधि के अनुसार संचालित की जा रही है। इस दौरान बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित कर्मियों को मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए सुनवाई, सत्यापन एवं मैपिंग से संबंधित कार्यों को सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
