Koderma News: मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी डोमचांच में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस

कोडरमा हिंदी दिवस समारोह।

कोडरमा: हिंदी भाषा के सम्मान, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मंजुला शर्मा मेमोरियल एकेडमी, डोमचांच में हिंदी दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं साहित्यिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रशासनिक पदाधिकारी आर.पी. पांडेय द्वारा आधुनिक हिंदी साहित्य के जनक भारतेन्दु हरिश्चंद्र के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर महान साहित्यकार को श्रद्धांजलि दी।

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की भाषाई, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने हेतु चित्रकला प्रतियोगिता, कविता पाठ, निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, ग्रीटिंग कार्ड निर्माण एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम, ज्ञान एवं सृजनात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक रजनीश जी ने कहा कि “हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक एकता का सशक्त आधार है। हमें हिंदी के सम्मान को बनाए रखते हुए इसके प्रयोग को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बढ़ावा देना चाहिए।

विद्यालय के प्रशासनिक पदाधिकारी आर.पी. पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि “मातृभाषा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला होती है। हिंदी हमें अपनी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ती है। विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य के अध्ययन के माध्यम से अपने ज्ञान और विचारों को समृद्ध करना चाहिए।”

विद्यालय के प्राचार्य ए.के. पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हिंदी हमारे राष्ट्र की आत्मा और हमारी पहचान का प्रतीक है। जिस समाज और राष्ट्र को अपनी भाषा पर गर्व होता है, वही विश्व पटल पर विशिष्ट स्थान प्राप्त करता है। हमें हिंदी को केवल एक विषय नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाना चाहिए।”

कार्यक्रम के सफल आयजन में विद्यालय के शिक्षकगण अलख सिंह, राकेश रोशन, राजन मेहता, ऋषि राज, आशीष, संजीत शर्मा, आर्ची, रिया, हुमैरा
प्रीति चौधरी एवं सिमरन की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More