Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प कार्यक्रम आयोजित

कोडरमा: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में माय भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में “राष्ट्रीय संकल्प समारोह” के अंतर्गत “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी एवं अन्य सम्मानित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का गायन किया।
बी.एड. सत्र 2025-27 की प्रशिक्षु साक्षी कुमारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का अभिनंदन किया। इसके बाद प्रशिक्षु सद्दाम अंसारी एवं श्रेया सिन्हा ने नशा मुक्ति के विभिन्न महत्वपूर्ण आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षुओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने कहा कि युवा राष्ट्र के अनमोल रत्न हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने तथा सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा प्रदान करके ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
इसके बाद बी.एड. प्रशिक्षु पवन कुमार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षुओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के उपरांत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें सभी अतिथियों, प्रशिक्षुओं, सहायक प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बी.एड. सत्र 2025-27 के सभी प्रशिक्षु मौजूद रहे। महाविद्यालय के आईक्यूएसी समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा, डीएलएड समन्वयक खुशबू कुमारी सिन्हा तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. इंद्र कुमार जायसवाल, डॉ. रामकृष्ण प्रसाद, संजीत कुमार, अनिल दास, सीताराम यादव, चुन्नु कुमार, बिनीता कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में सूचित कुमार, दीपक कुमार पाण्डेय, आलम मुख्तार, सुधीर साव, विवेक कुमार एवं ओंकार कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रशिक्षु अंजली कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रशिक्षु अंजली कुमारी वर्मा ने प्रस्तुत किया। संपूर्ण कार्यक्रम एनएसएस जिला नोडल पदाधिकारी, कोडरमा सौरभ शर्मा की देखरेख एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
