Koderma News: घाटी में ब्रेक फेल होने से टकराए दो टेलर, भीषण हादसे में चालक की मौत

कोडरमा घाटी भीषण हादसा।

कोडरमा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग के कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के समीप रविवार की देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां दो टेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक टेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेलर चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट कर अलग हो गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति टेलर की केबिन में काफी देर तक फंसा रहा।

इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव का कार्य में जुट गई। वहीं मामले की सूचना पर सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस प्रशासन का सहयोग किया।

बताते चलें कि दोनों टेलर रांची की ओर से आ रहा था और कोडरमा के रास्ते बिहार की ओर जा रहा था। इधर कोडरमा घाटी में दोनों टेलर एक दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान कोडरमा घाटी के मेघातरी के समीप एक ढलान वाली सड़क पर जैसे ही दोनों टेलर पहुंची, वैसे ही पीछे से आ रही टेलर का ब्रेक फेल हो गया।

हालांकि उक्त टेलर चालक ने टेलर पर नियंत्रण बनाने की कोशिश की लेकिन उक्त टेलर आगे जा रही टेलर के केबिन से टकरा गया और इसी दौरान आगे जा रही टेलर का चालक इस टेलर के केबिन में फंस गया, जिससे वह दो टुकड़ों में बंट गया। टेलर चालक का एक हिस्सा पीछे से आ रही टेलर के केबिन में फंस कर आगे जा गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा केबिन में ही रह गया।

इधर दोनों टेलर सड़क किनारे जाकर रुक गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के दुकानदार और ग्रामीण जो गहरी नींद में सो रहे थे, उनकी नींद खुल गई और वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया। इधर हाईवे पेट्रोलिंग के द्वारा मृतक व घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। जहाँ घायल का इलाज जारी है। फिलहाल मृतक और घायल की पहचान नहीं हो पाई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More