कोडरमा: श्री कोडरमा गौशाला समिति की बैठक संपन्न, भव्य गोपाष्टमी मेला आयोजित करने का निर्णय

कोडरमा। शिव वाटिका, झुमरीतिलैया में श्री कोडरमा गौशाला समिति की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत गायत्री वंदना से हुई। इसके बाद समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक की कार्यवाही शुरू की।
बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि की गई। वहीं, कोषाध्यक्ष अविनाश सेठ ने फरवरी 2026 से अगस्त 2026 तक का आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया।
समिति के सदस्यों के नवीनीकरण के साथ सदस्य संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया। साथ ही वर्ष 2026 में गोपाष्टमी मेला श्री कोडरमा गौशाला, यदुटांड़ परिसर में भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मेले में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, कवि सम्मेलन, झूला, खेल-तमाशा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेला आयोजन की जिम्मेदारी के लिए राम रतन महर्षि एवं प्रदीप खाटूवाला को मेला मंत्री बनाया गया। बैठक में बिशनपुर रोड स्थित श्री कोडरमा गौशाला की जमीन की नापी करवाकर चारदीवारी निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा गौशाला की जमीन पर संचालित विधि महाविद्यालय के मासिक किराए में बढ़ोतरी करने पर भी सहमति बनी।
गौशाला परिसर में गायों के लिए निर्मित शेड, पानी की व्यवस्था, हरे चारे का उत्पादन, जैविक खाद, केंचुआ खाद एवं गो-कास्ट के उत्पादन तथा गौशाला के विधिवत रखरखाव की सदस्यों ने सराहना की। समिति द्वारा गौ संरक्षण एवं गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को आगे भी जारी रखने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में झारखंड सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय सुदीप्त कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
धन्यवाद ज्ञापन राम रतन महर्षि ने किया। बैठक में श्याम सुंदर सिंघानिया, कैलाश चौधरी, महेश दारूका, राम रतन महर्षि, ओम प्रकाश खेतान, जितेंद्र कुमार अरुण, अवतार सिंह, सुषमा सुमन, प्रदीप खाटूवाला, पवन चौधरी, सज्जन शर्मा, उदय कुमार सोनी, जगदीश संघई, सुधांशु पांडेय, रितेश लोहानी, ओम प्रकाश, अरुण बौद्ध एवं रौनक कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
