Koderma News: संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में 600 कैडेट्स ने लिया सैन्य प्रशिक्षण

कोडरमा। बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-XII) जारी है। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के नेतृत्व एवं निर्देशन में चल रहे शिविर के पांचवें दिन करीब 600 एनसीसी कैडेट्स ने सैन्य प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता और आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राइफल फायरिंग और प्लाटून अटैक का अभ्यास

कैडेट्स ने दिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण एवं ऑब्सटेकल ट्रेनिंग से की। इसके बाद राइफल फायरिंग के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाने का अभ्यास कराया गया। कैडेट्स को ड्रिल प्रतियोगिता, प्लाटून अटैक एवं बंकर से संबंधित डेमो भी प्रस्तुत किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और सैन्य कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया।

फायर सेफ्टी पर विशेष प्रशिक्षण

शिविर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों रामचंद्र राम एवं मोहम्मद शहजाद अंसारी ने कैडेट्स को आग के विभिन्न प्रकार, बचाव के उपाय, सुरक्षा सावधानियों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में सुरक्षित प्रवेश एवं निकास तथा आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में भी बताया। इस दौरान फायर सेफ्टी डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से आग बुझाने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद बटालियन के सूबेदार मेजर जीके एवं शिविर के डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

प्रशिक्षकों की देखरेख में गहन अभ्यास

बटालियन के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों सूबेदार सुमेर सिंह, नायब सूबेदार शशि कुमार, सूबेदार चंपा मुर्मू एवं ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर मिश्रा द्वारा राइफल फायरिंग, ड्रिल और अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है।

सूबेदार मेजर जी. चौधरी प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ कैडेट्स के खान-पान, स्वास्थ्य और रहने की व्यवस्था पर भी निगरानी रख रहे हैं। ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रशिक्षण गतिविधियों के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी

शिविर में सैन्य एवं शारीरिक प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी महत्व दिया जा रहा है। एनसीसी अधिकारी सह डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार के मार्गदर्शन में लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे, लेफ्टिनेंट राधिका, लेफ्टिनेंट डॉ. विजेंद्र कुशवाहा एवं गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा द्वारा कैडेट्स को नृत्य, संगीत और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास कराया जा रहा है।

शिविर के सफल संचालन में सूबेदार जतरू तिर्की, हवलदार रितेश, हवलदार फिलिप, हवलदार जगन टोप्पो, हवलदार दीपक कुमार महतो सहित 45 झारखंड बटालियन एनसीसी के प्रधान सहायक, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार एवं एलडीसी रोहित कुमार सिंह महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता, टीम भावना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को विकसित करना है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More