Koderma News: कला से सीखने की नई राह: ग्रिजली विद्यालय में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के सभागार में कला एकीकरण विषय पर विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण की मुख्य रिसोर्स पर्सन पटना की मिताली मुखर्जी थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी द्वारा मिताली मुखर्जी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मिताली मुखर्जी ने कला एकीकरण की अवधारणा, इसके उद्देश्यों तथा कक्षा-कक्ष में इसके प्रभावी प्रयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कला एकीकरण केवल कला और किसी अन्य विषय को एक साथ पढ़ाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह एक उद्देश्यपूर्ण शिक्षण पद्धति है, जिसमें विद्यार्थी कला के विभिन्न माध्यमों के माध्यम से अकादमिक विषयों की समझ विकसित करते हैं और उसे रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करते हैं।
उन्होंने शिक्षकों को रटने एवं यांत्रिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक, रचनात्मक एवं स्वतंत्र चिंतन विकसित करने के लिए प्रेरित किया। ‘रसोइया नहीं, बल्कि शेफ तैयार करने’ की अवधारणा के माध्यम से उन्होंने समझाया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल निर्देशों का पालन करवाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में निर्णय लेने, प्रयोग करने, नए विचार विकसित करने तथा अपनी समझ को स्वतंत्र रूप से लागू करने की क्षमता विकसित करना होना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान कला एवं अकादमिक विषयों के बीच पारस्परिक संबंध को भी विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि कला के माध्यम से किया गया रचनात्मक अन्वेषण विद्यार्थियों की विषयगत समझ को गहरा करता है, जबकि अकादमिक विषय कला के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक अर्थपूर्ण बनाते हैं।
कार्यक्रम में कला-आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास पर भी विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि कला-समृद्ध शिक्षण से भाषा एवं शब्दावली, सामाजिक एवं संचार कौशल, समस्या समाधान, आलोचनात्मक चिंतन, शारीरिक एवं मोटर समन्वय, सौंदर्यबोध, संवेदनात्मक क्षमताओं, रचनात्मकता तथा आत्म-अभिव्यक्ति का विकास होता है।
शिक्षकों को अनुभवात्मक अधिगम चक्र तथा पाठ योजना में ‘प्लान-डू-चेक-एक्ट’ (PDCA) पद्धति के प्रयोग से भी परिचित कराया गया। साथ ही ‘हेड, हैंड और हार्ट’ की अवधारणा को समझाते हुए ज्ञान, कौशल, व्यावहारिक अनुप्रयोग, भावनाओं, मूल्यों एवं सौंदर्यबोध के संतुलित विकास पर जोर दिया गया। शिक्षकों को स्पष्ट, मापनीय एवं अवलोकनीय अधिगम उद्देश्यों के निर्धारण के लिए भी प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में पहचान करना, वर्णन करना, प्रदर्शित करना, सृजन करना, विश्लेषण करना, तुलना करना एवं मूल्यांकन करना जैसे क्रियात्मक शब्दों के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने मुख्य वक्ता मिताली मुखर्जी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर दोनों ने संयुक्त रूप से कहा कि शिक्षकों का निरंतर व्यावसायिक विकास शिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी एवं रचनात्मक बनाया जा सकता है तथा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराने में उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सहायक व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षक आलोक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सहायक व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षक सुमित के. सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य संसाधन व्यक्ति, विद्यालय प्रबंधन एवं सभी प्रतिभागी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि कला एकीकरण केवल कक्षा की गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, सहयोग, रचनात्मकता एवं जीवनपर्यंत सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने का प्रभावी शैक्षिक माध्यम है।
