Koderma News: सदर अस्पताल परिसर में घर पर पेड़ गिरने से मालती देवी घायल

कोडरमा: सदर अस्पताल परिसर स्थित अंबेडकर नगर में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में लगा एक पुराना पेड़ अचानक पास के एक घर पर जा गिरा। पेड़ की चपेट में आने से घर में मौजूद महिला घायल हो गई। घायल महिला की पहचान मालती देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि देर रात अचानक पेड़ गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पेड़ गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबे की चपेट में आई महिला को बाहर निकाला।
इसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे में घर की छत और दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में मौजूद जर्जर, सूखे और खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें जल्द हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ऐसे पेड़ों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में इससे बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है, ताकि परिसर में मौजूद जर्जर पेड़ों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
