अपने ही विधान सभा में मनीष जायसवाल के हाथों पिछड़ गयें जेपी भाई पटेल, अम्बा का गढ़ बड़कागांव में भी खिला कमल

हजारीबाग: लोकतंत्र के महापर्व में मतपेटियों से मतदाताओं का जनादेश सामने आने के बाद सियासी दलों में हार-जीत की विवेचना जारी है, कारक कारणों की खोज करते हुए कमजोरियों और ताकत का आकलन किया जा रहा है. कुछ यही हालात हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की भी है. जहां से भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद जयंत सिन्हा को बेटिकट करते हुए हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल पर दांव लगाने का फैसला किया था. अपने बेटे जयंत सिन्हा को बेटिकट किये जाने के बाद पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था. बावजूद भाजपा अपने इस गढ़ में लगातार चौथी बार कमल खिलाने में कामयाब रही. पूरे लोकसभा क्षेत्र में यशवंत सिन्हा की नाराजगी का कोई असर देखने को नहीं मिला. हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली विधान सभा की सभी पांच सीटों (बड़कागांव, बरही, रामगढ़, मांडू और हजारीबाग) से कमल खिलता नजर आया.
अपने ही गढ़ में मात खा गये जेपी भाई पटेल
कांग्रेसी रणनीतिकारों ने जिस सियासी चाहत के साथ एन चुनाव की रणभेरी के बीच भाजपा विधायक जेपी भाई पटेल पर दांव लगाते हुए अम्बा प्रसाद को किनारा किया था, वह जेपी भाई पटेल भी तमाम सामाजिक समीकरणों के बावजूद खुद अपने विधान सभा क्षेत्र मांडू में पंजा को बढ़त दिलवाने में नाकामयाब रहें. इसके साथ ही बड़कागांव विधान सभा क्षेत्र जिसे विधायक अम्बा प्रसाद और उनके पिता योगेन्द्र साव का गढ़ माना जाता है, और वह अम्बा प्रसाद भी अपने किले में भाजपा को कमल खिलाने से नहीं रोक पायी. कुछ यही हालात बरही विधान सभा क्षेत्र की रही, विधायक उमाशंकर अकेला भी बरही में कांग्रेस को बढ़त दिलवाने में नाकामयाब रहें. बाकि के दो विधान सभा क्षेत्र हजारीबाग सदर और रामगढ़ तो वैसे भी आजसू-भाजपा के पास थी, इस हालात में वहां से मनीष जायसवाल को बढ़त मिलना कोई आश्चर्य की बात नहीं थी.
किस विधान सभा में किसके हिस्से कितना वोट
यहां ध्यान रहे कि मांडू विधान सभा, जहां से जेपी भाई पटेल विधायक है, कांग्रेस को कुल 86609 वोट मिला, जबकि मनीष जायसवाल के खाते में 118677 मत आया, इस प्रकार जेपी भाई पटेल अपने ही विधान सभा में मनीष जायसवाल के हाथों पिछड़ते नजर आयें. बडकागांव विधान सभा, जहां से कांग्रेस के अम्बा प्रसाद विधायक है, और पूरे विधान सभा में अम्बा के पिता और पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव की तूती बोलती है. जेपी भाई पटेल को 74548 मत मिला, जबकि मनीष जायसवाल के खाते में 133579 वोट आया. हजारीबाग सदर जहां से मनीष जायसवाल विधायक है, भाजपा को 153883 वोट आया, जबकि जेपी भाई पटेल के हिस्से 87979 वोट आया.बरही विधान सभा जहां से कांग्रेस के उमाशंकर अकेला विधायक है, जेपी भाई पटेल को 51988 वोट मिला जबकि मनीष जायसवाल के खाते में 133167 वोट आया. इस प्रकार किसी भी विधानसभा में जेपी भाई पटेल बढ़त की स्थिति में नहीं रहें.
कांग्रेसी रणनीतिकारों की रणनीति
इस हालत में कांग्रेसी रणनीतिकारों की रणनीति पर सवाल उठना लाजमी है. आखिर कांग्रेस रणनीतिकारों जेपी भाई पटेल में ऐसा क्या देखा था, जिसके कारण उन्हे अम्बा प्रसाद पर वरीयता प्रदान किया गया, जबकि अम्बा प्रसाद का युवाओं क्रेज था, अपनी लोकप्रियता थी, जिसके सहारे इस लड़ाई को और भी रोचक बनाया जा सकता था. लेकिन यहां एक सवाल यह भी है कि क्या दूसरे कई लोकसभा क्षेत्रों की तरह हजारीबाग में कांग्रेस के अंदर भीतरघात का खेल हुआ है. बड़कागांव और बरही विधान सभा से कांग्रेस का पिछड़ना कई सवाल खड़ा करता है, क्या जेपी भाई पेटल की इंट्री के बाद अम्बा एक अंदर कोई नाराजगी पसर रही थी, जिसका असर बड़कागांव में देखने को मिला. बरही विधायक उमाशंकर अकेला तो कई बार सार्वजनिक रुप से इस मंत्री पद की चाहत प्रकट कर चुके हैं, उनका कहना है कि ना तो हेमंत मंत्रिमंडल और ना ही चंपाई मंत्रिमंडल में किसी यादव को मंत्री बनाया गया. इसके कारण उन्हे अपने विधान सभा में सवालों का जवाब देना मुश्किल होता है, वैसे भी झारखंड में यादवों की एक बड़ी हिस्सेदारी है, और एक मंत्री पद पर उनका हक बनता है. तो क्या इस नाराजगी का असर भी देखने को मिला.
