मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड में 2 दिन का राजकीय शोक

रांची: मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने शोक जताते हुए उनके सम्मान में दो दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया है. इसके लिए मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने विधिवत आधिकारिक संकल्प जारी किया है.
दो दिन तिरंगा रहेगा आधा झुका
जारी संकल्प के मुताबिक, 6 और 7 सितंबर को झारखंड भर में राजकीय शोक मनाया जाएगा. इन दो दिनों में राज्य के जिन भी सरकारी भवनों और संस्थानों में रोज़ाना राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां तिरंगा आधा झुका रखा जाएगा. साथ ही, शोक की इस अवधि में राज्यभर में किसी भी सरकारी या आधिकारिक समारोह के आयोजन पर पूर्ण रोक रहेगी.
दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य सरकार ने सोमवार, 7 सितंबर को झारखंड के तमाम सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रखने का फैसला किया है. विशेष कार्य पदाधिकारी अखलेश कुमार सिन्हा के हस्ताक्षर से जारी पत्र में सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों, उपायुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों को ज़रूरी निर्देश भेजे गए हैं. कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग को छुट्टी का औपचारिक आदेश निकालने के लिए कहा गया है, और इसकी एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय व झारखंड हाईकोर्ट को भी भेज दी गई है.
