Jharkhand: छत्तीसगढ़ के बाद अब ओडिशा में आदिवासी सीएम का दांव, विधान सभा चुनाव में भाजपा के लिए कितना मददगार?

रांची: 34 फीसदी आदिवासी आबादी वाले छत्तीसगढ़ के बाद भाजपा ने 24 फीसदी आदिवासी आबादी वाले ओडिशा में आदिवासी सीएम का बड़ा दांव खेला है. छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय और ओडिशा में संताल आदिवासी चेहरा मोहन चरण मांझी की ताजपोशी कर उन आरोपों की हवा निकालने की कोशिश की है, जिसमें उसके उपर दलित-आदिवासी विरोधी होने का आरोप चस्पा किया जा रहा था. खुद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भी कई बार इस बात का दावा कर चुके हैं कि उनका जुर्म महज इतना है कि वह आदिवासी है. भाजपा सब कुछ बर्दास्त कर सकती है, लेकिन किसी आदिवासी-दलित को सीएम-पीएम की कुर्सी पर बैठा नहीं देख सकती. जिन आरोपों का सहारा लेकर भाजपा हमें जेल में बंद करना चाहती है. दरअसल वह महज सियासी ड्रामें है, भाजपा की असली परेशानी तो किसी आदिवासी का हवाई जहाज से सफर और महंगी गाड़ियों की सवारी से है. उसकी सोच तो आज भी आदिवासी समाज को अर्ध नग्न अवस्था में जंगल में रखने की है. लेकिन भाजपा की यह मंशा पूरी होने वाली है, आदिवासी समाज इसका हिसाब जरुर लेगा और लोकसभा चुनाव में पूर्व सीएम हेमंत की वह भविष्यवाणी सत्य भी साबित हुई. आदिवासी आरक्षित सभी पांच सीटों से भाजपा के सफाये के बाद, यह मानने में कोई गुरेज नहीं रहा कि झारखंड में भाजपा की सारी रणनीति फेल हो गयी. यहां ना तो पीएम मोदी का जादू चला और ना ही संघ परिवार का आदिवासी बहुल इलाकों में कथित सेवा-त्याग के चर्चित दावे.

झारखंड में आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा के सफाये का गुनाहगार कौन है?

भाजपा की हर जीत में संघ परिवार का सेवा-त्याग देखने वाले सियासी रणनीतिकार भी आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा के इस सफाये पर खामोश हैं. जबकि हर जीत के बाद संघ परिवार के कथित सेवा त्याग के पन्नों को बार-बार पलटा जाता है. कुछ यही कहानी ओडिशा और छत्तीसगढ़ की है, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भाजपा की जीत की  मुख्य वजह संघ परिवार का आदिवासी बहुल इलाकों में काम को बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि संघ परिवार ने अपने सेवा के जरिये भाजपा की जमीन तैयार की, तो फिर झारखंड में आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा के सफाये का गुनाहगार कौन है? जिस सेवा भारती को आगे कर संघ परिवार झारखंड में आदिवासी समाज के बीच अपनी जमीन तैयार करता रहा, उसी विशुनपुर में चमरा लिंडा आज भी कायम है. इसका मतलब तो साफ है कि आदिवासी को समाज सेवा भारती की सेवा से अधिक चमरा लिंडा पर विश्वास है.

झारखंड में सिर्फ कल्पना सोरेन का जादू

दरअसल हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के कारण आदिवासी समाज में जो आक्रोश पसरा, उस आक्रोश में भाजपा और बाबूलाल मरांडी की सारी रणनीति डूब गयी. बिरसा मुंडा की जन्म भूमि से आदिवासी समाज को साधने की पीएम मोदी की रणनीति भी काम नहीं आया, और ना ही आदिवासी समाज के साथ रिश्ते की दुहाई काम आयी. लोकसभा चुनाव में आदिवासी समाज ने एक ही रिश्ता स्वीकार किया और वह रिश्ता था पूर्व सीएम हेमंत के साथ, और एक ही जादू पर विश्वास किया, वह जादू था कल्पना सोरेन का.

क्या भाजपा को अभी और कीमत चुकानी होगी?

लेकिन क्या विधान सभा चुनाव में भी हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का आक्रोश देखने को मिलेगा? क्या भाजपा को अभी इसकी और कीमत चुकानी होगी? क्या छत्तीसगढ़ के बाद ओडिशा में आदिवासी सीएम देने का दांव असर दिखलायेगा? और सबसे बड़ा सवाल क्या विष्णुदेव साय के बाद अब मोहन चरण मांझी की ताजपोशी का झारखंड से भी कुछ रिश्ता है? क्या यह ताजपोशी झारखंड को साधने के इरादे से की गयी है? क्या विधान सभा चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है? क्या विधान सभा चुनाव में जहां एक तरफ कल्पना सोरेन की कमान होगी, वहीं दूसरी ओर विष्णुदेव साय और मोहन चरण मांझी को मैदान में उतार कर आदिवासी समाज को एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की जायेगी? और क्या झारखंड का आदिवासी समाज हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के बजाय विष्णुदेव साय और मोहन चरण मांझी के साथ चलना स्वीकार करेगा? और क्या पूर्व सीएम हेमंत का वह दांव फेल होने वाला है, जिसमें उन्होंने कहा था कि चूंकि पांचवी अनुसूचि वाले राज्यों में वह एकलौता आदिवासी सीएम हैं. इसके कारण भाजपा को चेहरा हजम नहीं हो रहा.

पांचवी अनुसूची वाले छतीसगढ़ और ओडिशा में भाजपा ने खड़ा किया अपना आदिवासी चेहरा

इस बयान के बाद एक अर्सा गुजर गया. इस बीच गंगा-यमुना में काफी पानी बह चुका और इस बहते पानी के बीच भाजपा ने पांचवी अनुसूची वाले छतीसगढ़ और ओडिशा में अपना आदिवासी चेहरा भी सामने खड़ा कर दिया. लेकिन मुख्य सवाल फिर वही है कि क्या भाजपा के रणनीतिकारों ने विष्णुदेव साय और मोहन चरण मांझी को आगे कर झारखंड को साधने की कोशिश की है, और क्या विधान सभा चुनाव में यह दांव चलने वाला है? फिलहाल यह दांव तो चलता नजर नहीं आता. लेकिन इससे आदिवासी समाज के सियासी हनक में विस्तार होता तो जरुर दिख रहा है. दलित आदिवासी और वंचित समाज के लिए भाजपा का यह प्रयोग निश्चित रुप से संबल प्रदान करने वाला है. जिसका फल भले ही आज नहीं मिले, लेकिन भविष्य की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More