गणेश विसर्जन में बवाल! डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद, चापड़ चलने से तीन युवक घायल

जमशेदपुर के काशीडीह में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद के बाद तैनात पुलिस बल

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान चापड़ से हमला किए जाने और मारपीट में तीन युवकों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना के बाद पुलिस बल और विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे वाहन पर पथराव किए जाने की भी बात सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल और क्यूआरटी को मौके पर बुलाकर संवेदनशील इलाकों में तैनाती की।

डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, काशीडीह में जुस्को स्कूल के समीप गणेश पूजा का आयोजन किया गया था। रविवार रात प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया। जुलूस में डीजे, रोशनी और पटाखों की व्यवस्था की गई थी।

आयोजक और स्थानीय युवक डीजे की धुन पर नाचते हुए काशीडीह लाइन नंबर 13 के पास पहुंचे। इसी दौरान डांस करने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

चापड़ से हमला करने का आरोप

आरोप है कि विवाद के दौरान पूर्व अपराधी गौरव ने चापड़ निकालकर हमला कर दिया, जिसमें तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद जुलूस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एहतियात के तौर पर आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।

सूचना मिलते ही साकची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस और डीजे वाहन पर पथराव की सूचना

पुलिस गणेश प्रतिमा और डीजे वाहन को लेकर काशीडीह लाइन नंबर एक की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान घायल युवकों के समर्थकों की ओर से कथित तौर पर पुलिस बल और डीजे वाहन पर पथराव किया गया।

इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी को तैनात किया गया। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल बुलाकर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।

संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च

सोमवार को पुलिस ने काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More