पाप-पुण्य के हिसाब-किताब की बजाय आदिवासियों और गरीबों की सुध लें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : बंधु तिर्की
1.jpg)
रांची : पूर्व मंत्री, झारखण्ड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि कांग्रेस के पाप-पुण्य का हिसाब-किताब करने की बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आदिवासियों और गरीबों की सुध लेनी चाहिए। बंधु तिर्की ने कहा कि पिछले 10 साल में आदिवासियों के साथ ही मूलवासियों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) आदि की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गयी है और अब उनके उन्हें भविष्य के ऊपर खतरा मंडराता हुआ साफ-साफ नजर आ रहा है।
शनिवार पलामू एवं सिसई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में दिए गए वक्तव्य और कांग्रेस के ऊपर लगाए गए आरोपों की तीखी आलोचना करते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि केवल और केवल झूठ में तथ्यात्मक दृष्टि से थोड़ा सा आँकड़ा मिलाकर और शाब्दिक जाल बुनकर प्रधानमंत्री भले ही लोगों को भ्रमित कर लें लेकिन सच यह है कि तीखी बोली, कटाक्ष और आपसी मतभेद को उत्पन्न करनेवाली बातों को बोलने के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी माहिर खिलाड़ी हैं।
बंधु तिर्की ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस मामले में अबतक के सभी कीर्तिमानों को ध्वस्त कर दिया है और जिस प्रकार का वक्तव्य वे अपनी चुनावी सभाओं में दे रहे हैं उसके कारण प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद की मर्यादा कम हो रही है और यह गंभीर चिंता की बात है. श्री तिर्की ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के द्वारा जिस प्रकार की बातें कही जा रही है वह पूरी तरीके से तथ्यों से परे है. कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहीं भी यह नहीं कहा कि किसी व्यक्ति के पास दो घर, दो भैंस, दो बैल आदि होने पर उसमें से एक को सरकार ले लेगी और उसे अन्य दूसरे लोगों के बीच में बांट देगी।
इसके साथ ही मंगलसूत्र की बातें भी केवल और केवल प्रधानमंत्री के खुराफाती मन की उपज है और ये सारी बातें जहाँ लोगों के बीच में दरार पैदा कर रही है। वहीं इसका कोई भी ज़मीनी अर्थ नहीं है। बंधु तिर्की ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खुल्लम-खुल्ला लोगों की भावनाएं भड़काकर उनसे चुनावी लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं और दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि चुनाव आयोग खामोशी के साथ इन सारी गतिविधियों को देख रहा है और उसका आचरण पूरी तरीके से पक्षपाती है। जबकि चुनाव आयोग की निष्पक्षता ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहली शर्त है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री सरना धर्म कोड, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आदिवासियों की परंपरागत जीवन पद्धति को बरकरार रखने, आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार, झारखण्ड का केन्द्र सरकार पर बकाया एक लाख 36 हज़ार करोड़ रुपया अविलम्ब देने और कांग्रेस सरकार द्वारा संवैधानिक रूप से आदिवासियों के साथ ही अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) एवं अल्पसंख्यकों को दिये गये अधिकार के मामले में जिस प्रकार से खामोशी अख्तियार किये बैठे हैं वह पूरी तरीके से बता रही है कि भाजपा एक साजिश के तहत काम कर रही है।
बंधु तिर्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रकार से चुनाव जीतना चाहती है भले ही इसके कारण देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इतना तीखा कुठाराघात हो कि उसका खामियाजा लम्बे समय तक भुगतना पड़े। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जहाँ-जहाँ अवसर मिलता है वहीं उसने आदिवासियों के पक्ष में कांग्रेस द्वारा बनाये गये कानूनों एवं संवैधानिक प्रावधानों को आघात पहुँचाया है। झारखण्ड में भी उसने सीएनटी-एसपीटी एक्ट में बदलाव की साजिशे रची थी लेकिन लोगों के विरोध के कारण रघुवर दास सरकार को अपने कदम वापस लेने पड़े।
बंधु तिर्की ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चुनाव जीतने के लिये भारतीय जनता पार्टी ने डीलिस्टिंग का मुद्दा उठाया और इसके कारण सरना और ईसाई धर्मावलंबियों के बीच धर्म के आधार पर ध्रुवीकरण करने के बाद चुनाव तो जीत लिया। लेकिन जिस प्रकार से हंसदेव जंगल की 1 लाख 70 हज़ार हेक्टेयर भूमि को उज़ाड़ा गया है वह यह बताने को काफी है कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री एक ओर कांग्रेस के घोषणा पत्र में बताये गये तथ्यों के साथ बहुत बुरी तरीके से खिलवाड़ कर उसे लोगों के सामने परोस रहे हैं वहीं दूसरी तरफ, तथ्यों, आँकड़ों और मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ने की बजाय उनका एकमात्र उद्देश्य केवल और केवल भावनात्मक मुद्दों पर लोगों को भड़काना और उनसे वोट लेना है. श्री तिर्की ने कहा कि भाजपा एक सोची-समझी साजिश और रणनीति के तहत यह सब कर रही है और उसने देश के साथ ही हमारे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को जितना नुकसान पहुँचाया है उसकी भरपाई बहुत ही मुश्किल है।
