Hazaribagh News: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी के 15 विद्यार्थी प्रशिक्षण हेतु दिल्ली पहुंचे

हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों का 15 सदस्यीय दल 14-दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए रविवार की देर शाम दिल्ली-NCR पहुँचा। नोएडा में स्थित ख्याति प्राप्त नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ बायोलॉजिकल्स (NIB) अर्थात राष्ट्रीय जैविक संस्थान में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और प्रयोगशाला आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए बायोटेक्नोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. इंद्रजीत कुमार ने सोमवार को बताया कि विभागीय प्राध्यापक कुमार आनंद की देखरेख में विद्यार्थी यह प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के लिए दिल्ली तक आने-जाने तथा दिल्ली में 14 दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त करने से संबंधित संपूर्ण खर्च का वहन राष्ट्रीय जैविक संस्थान द्वारा किया जाएगा।
डॉ कुमार ने बताया कि पाठ्यक्रम के अनुसार द्वितीय समसत्र पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त करने का प्रावधान है। इसी के तहत तृतीय समसत्र के विद्यार्थियों के दल को नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ बायोलॉजिकल्स (NIB) भेजा गया है। ज्ञात हो कि 1992 में स्थापित एनआईबी (NIB) भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन एक शीर्ष स्वायत्त संस्थान है।
इसके महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ इंद्रजीत कुमार ने बताया कि यहां व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत विद्यार्थी बेहतर तरीके से पाठ्यक्रम से प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने आगे बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में कौशल विकास तथा भविष्य के रोजगार के अवसरों की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध होगा।
