Hazaribagh News: पकरी बरवाडीह माइंस में वाहन की चपेट में आने से सुपरवाइजर की मौत

हजारीबाग: बड़कागांव एनएमएल पकरी बरवाडीह कोल परियोजना माइंस में त्रिवेणी सैनिक के मिड स्केल सेक्टर-2 में सोमवार रात्रि को हादसे में सुपरवाइजर विभूति साहू (35) की मौत हो गई। विभूति की मौत वाहन की चपेट में आने से हुई है। घटना में गंभीर घायल विभूति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, परंतु स्थिति नाजुक होने के कारण हजारीबाग रेफर किया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। विभूति साहू उड़ीसा के रहने वाले थे।
वे अपने परिवार के संग बड़कागांव सूर्य मंदिर के समीर किराए के मकान में रह रहे थे। घटना से उनके परिवार के लोग काफी आहत हुए। घर में कमाने वाला वह इकलौता व्यक्ति था। बताया जाता है कि ड्यूटी आवर में कोई कंपनी का कर्मी मरता है तो कंपनी के द्वारा मुआवजा एवं मृतक के परिवार को कई सुविधाएं देने का प्रावधान है। विभूति साहू के मौत हो जाने पर त्रिवेणी सैनिक के कर्मियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक व्यक्त किया है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की जांच और सख्ती जरूरी है।
