Hazaribagh News: वन प्रक्षेत्र में करमा पूजा पर स्वच्छता और पौधरोपण अभियान आयोजित

हजारीबाग: बड़कागाँव वन प्रमंडल पदाधिकारी, हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल के दिशा-निर्देशों के आलोक में, प्रकृति के पावन पर्व करमा पूजा’ के अवसर पर प्रभारी फॉरेस्टर आनंद सिंह की उपस्थिति में बड़कागांव प्रक्षेत्र में विशेष स्वच्छता (प्लास्टिक उन्मूलन) एवं पौधारोपण अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कांडतरी, सिरमा और पड़रिया वन समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। करमा पर्व के मूल संदेश—प्रकृति और वन संरक्षण—को धरातल पर उतारते हुए सबसे पहले बुढवा महादेव पहाड़ रास्ता में सफाई अभियान चलाया गया, जिसके तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को इकट्ठा कर वन क्षेत्र से सुरक्षित बाहर किया गया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत, पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से वन समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रानी तालाब के मेढ़ में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर समिति की महिला सदस्यों द्वारा करम पर्व के पारंपरिक गीत भी गाए गए, जिससे पूरे आयोजन में एक उल्लासपूर्ण और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा। इसके साथ ही, उपस्थित सभी लोगों को जंगलों को साफ रखने, वनों की अग्नि से सुरक्षा करने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
