Hazaribagh News: पेलावल ओपी क्षेत्र में बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

हजारीबाग: जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पेलावल ओपी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 17 चोरी की मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े सुराग भी जुटाए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि जिले में पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी करने वाला गिरोह दोबारा सक्रिय है तथा चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम का नेतृत्व अमित आनंद भाणुसे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, ज्ञान रंजन, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, रूपक कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में किया गया। तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर टीम ने छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में छड़वा डैम के पास कुछ संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल के साथ देखा गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में खुला चोरी का राज

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि 16 सितंबर को छड़वा मैदान बाजार से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। बरामद मोटरसाइकिल की जांच में चोरी की पुष्टि होने के बाद इस संबंध में पेलावल ओपी कांड संख्या 149/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इरफान अंसारी उर्फ छोटे और मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की जाती थी। चोरी की मोटरसाइकिलों को ग्राम करमा में एक गैरेज में रखा जाता था। वहीं, एक चोरी की मोटरसाइकिल ग्राम डांटो में जंगल-झाड़ी में छिपाकर रखे जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली। इसके अलावा ग्राम केरेडारी के पवन कुमार साव के गैरेज और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू के गैरेज से भी चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश (22), इरफान अंसारी उर्फ छोटे (27), मो. मुन्ना उर्फ ताहिर (24), तस्लीम अंसारी (25), सरफराज आलम, पवन कुमार साव (27) और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू (25) को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।

कई थाना क्षेत्रों से बरामद हुई चोरी की बाइकें

छापेमारी टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पेलावल, बड़कागांव, लोहसिंघना, कोर्रा, सदर, केरेडारी और इचाक थाना क्षेत्रों से संबंधित वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों में अपाची, होंडा साइन, स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो समेत अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कुछ वाहनों के चोरी से संबंधित मामले पूर्व में विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद वाहनों के चेचिस एवं रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान शुरू कर दी है।

जांच के दौरान 13 सितंबर को बड़कागांव के पास चोरी हुई ग्लैमर मोटरसाइकिल (जेएच02एटी-9976), 16 सितंबर को छड़वा मैदान से चोरी हुई सुपर स्प्लेंडर (जेएच02एक्स-5606), 6 सितंबर को मिल्लत कॉलोनी मस्जिद के बाहर से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस (जेएच02एन-8771) सहित कई वाहनों का सुराग मिला है। इसके अलावा कोर्रा, सदर, लोहसिंघना और इचाक थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से भी बरामद मोटरसाइकिलों का संबंध पाया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के बीच चोरी के लिए उपयोग में लाई गई एक आपाची मोटरसाइकिल (जेएच02बीएक्स-0698) भी बरामद की गई है।

बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी रहे शामिल

छापेमारी अभियान में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद भाणुसे, डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन, एसडीपीओ सदर रूपक कुमार सिंह, पेलावल ओपी प्रभारी समेत सदर, लोहसिंघना, कोर्रा, केरेडारी, कटकमदाग एवं अन्य थाना के पदाधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे। तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवानों ने भी अभियान में सहयोग किया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बरामद वाहनों के आधार पर जिले में दर्ज अन्य मोटरसाइकिल चोरी के मामलों के उद्भेदन की संभावना जताई गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More