Hazaribagh News: सीमा सुरक्षा बल मेरु परिसर हजारीबाग में 24 सितंबर को होगी WARB बैठक

हजारीबाग: सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय की पहल पर कल्याण एवं पुनर्वास बोर्ड (WARB) के तत्वावधान में प्रशिक्षण केन्द्र एवं विद्यालय, सीमा सुरक्षा बल (BSF), मेरु परिसर में 24 सितंबर 2026 को WARB की त्रैमासिक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन प्रातः 11 बजे मेरु परिसर स्थित परिवार कल्याण केन्द्र (Family Welfare Center) में होगा।
बैठक में हजारीबाग के आसपास के चार जिलों—हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ एवं कोडरमा—में रहने वाले केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs) के सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड द्वारा सेवा से बाहर किए गए कर्मियों तथा वीरगति प्राप्त जवानों के नामित परिजनों (NOKs) एवं उनके आश्रितों को पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
WARB की ओर से इन चारों जिलों में रहने वाले सेवानिवृत्त CAPF कर्मियों से बैठक में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की गई है। जिन सेवानिवृत्त कर्मियों की शिकायतों अथवा समस्याओं पर पिछली WARB बैठक में सुनवाई हो चुकी है, उनसे भी बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है, ताकि वे अपनी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकें।
बैठक के दौरान सीमा सुरक्षा बल, मेरु के अधिकारी, लेखा अधिकारी, अनुसचिवीय स्टाफ तथा संबंधित विभागों के प्रभारी मौजूद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों द्वारा सेवानिवृत्त कर्मियों, वीरगति प्राप्त कार्मिकों के परिजनों और उनके आश्रितों की पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ एवं अन्य कल्याणकारी मामलों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
2007 में हुआ था WARB का गठन
सेवानिवृत्त केंद्रीय पुलिस बल कर्मियों एवं वीरगति प्राप्त कार्मिकों के परिजनों के कल्याण के उद्देश्य से भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2007 में कल्याण एवं पुनर्वास बोर्ड (WARB-Welfare and Rehabilitation Board) का गठन किया गया था। बोर्ड का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पेंशनभोगी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों तथा उनके आश्रितों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना है। मेरु में आयोजित होने वाली बैठक को सेवानिवृत्त CAPF कर्मियों और उनके आश्रितों के लिए अपनी पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर माना जा रहा है।
