Hazaribagh News: अपराध नियंत्रण व त्वरित कार्रवाई के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सम्मानित

हजारीबाग। राहुल दुबे एवं प्रिंस खान गिरोह से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराध की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तरी छोटानागपुर परिक्षेत्र, हजारीबाग के डीआईजी अंजनी कुमार झा के सौजन्य तथा हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में प्रदान किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। विशेष रूप से राहुल दुबे एवं प्रिंस खान गिरोह से संबंधित आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने और पुलिस कार्रवाई में तत्परता दिखाने को लेकर उन्हें यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस पदाधिकारी को मिले इस सम्मान से बड़कागांव थाना के पुलिसकर्मियों में भी उत्साह का माहौल है।
