तिसरी में मुंशी का अपहरण के बाद हत्या, 48 घंटे में SIT ने किया खुलासा

गिरिडीह: तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ के पास से 6 सितंबर को एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42 वर्ष) के अपहरण मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत मंजेश कुमार का शव तिसरी थाना के सीमावर्ती बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया है।
मामले में मंजेश कुमार के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना कांड संख्या 77/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 को धारा 140(1)/61 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
48 घंटे में SIT ने किया खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह ने एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव बरामद कर लिया। काम और खर्च को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घटना के पीछे कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच काम में हस्तक्षेप, डीजल और अन्य खर्चों को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के कारण प्रोजेक्ट मैनेजर उपेन्द्र चौधरी, पिन्टु कुमार यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
इम्तियाज अंसारी (39 वर्ष) — खिजुरिया, थाना सोनारायढाढ़ी, देवघर
शिव कुमार (30 वर्ष) — सघनपुरा, थाना कथैया, मुजफ्फरपुर, बिहार
पिन्टु कुमार यादव (30 वर्ष) — भोगताडीह, थाना तिसरी, गिरिडीह
राजेश कुमार सिंह (24 वर्ष) — नावागढ़चट्टी, थाना धनवार, गिरिडीह
बरामदगी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, खून लगा पत्थर और सखुआ का डंडा बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
