Giridih News: केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार वर्णवाल ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण

(गिरिडीह सदर अस्पताल निरीक्षण)

गिरिडीह: नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड रूपांतरण कार्यक्रम (ABP) के तहत समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक के पश्चात आकांक्षी जिला के केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (नेशनल हेल्थ अथॉरिटी), सुनील कुमार वर्णवाल ने गिरिडीह सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों, मूलभूत सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में वर्णवाल ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लेते हुए बेड की उपलब्धता एवं उपयोग की स्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, साफ-सफाई, पेयजल, दवा एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से भी उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा

केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने सदर अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की स्थिति, पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों तथा योजना से लाभान्वित मरीजों की संख्या की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जाए तथा अस्पताल आने वाले पात्र मरीजों को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध उपचार एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े इंडिकेटर्स पर विशेष फोकस

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में निर्धारित इंडिकेटर्स को अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार तथा विभिन्न स्वास्थ्य जांच की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने SAM/MAM बच्चों की समय पर पहचान, आवश्यक उपचार एवं पोषण सेवाओं से जोड़ने तथा नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मधुमेह, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं हाइपरटेंशन सहित गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जांच एवं उपचार सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं एवं मरीजों की सुविधा पर विशेष ध्यान

वर्णवाल ने अस्पताल में उपलब्ध बेड की स्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की सभी आवश्यक सुविधाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा जहां कहीं संसाधनों या आधारभूत सुविधाओं की कमी है, उसे चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग एवं जागरूकता आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More