Giridih News: माथाडीह में प्रस्तावित वर्किंग वूमेन हॉस्टल का स्थानीय रैयतों ने किया विरोध, डीसी से जांच की मांग

माथाडीह में प्रस्तावित वर्किंग वूमेन हॉस्टल निर्माण के विरोध में बैठक करते स्थानीय रैयत एवं समर्थक।

दलित-आदिवासी रैयतों ने जमीन पर निर्भरता और मालिकाना हक का किया दावा, हॉस्टल निर्माण अन्यत्र कराने की मांग

गिरिडीह: गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 स्थित माथाडीह मौजा में प्रस्तावित वर्किंग वूमेन हॉस्टल निर्माण का स्थानीय दलित-आदिवासी रैयतों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने कथित सीसीएल जमीन पर अपनी निर्भरता और मालिकाना हक का दावा करते हुए मामले में उपायुक्त को पूर्व में दिए गए आवेदन की उचित जांच कराने तथा हॉस्टल का निर्माण किसी अन्य स्थान पर कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 2.33 एकड़ जमीन पर वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण प्रस्तावित है। ग्रामीणों ने इसे लेकर दूसरी बार शांतिपूर्ण विरोध किया। उनका कहना है कि माथाडीह में लगभग 30 से 40 घरों के लिए यही थोड़ी जमीन बची हुई है और लंबे समय से उनकी आजीविका एवं जरूरतें इसी जमीन पर निर्भर रही हैं।

मामले को लेकर निर्माण स्थल के समीप आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि यदि यह जमीन भी उनके हाथ से चली गई तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा। ग्रामीणों ने दावा किया कि उन्हें जमीन का कोई मुआवजा नहीं मिला है और न ही उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि वे अपनी जमीन बचाने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। साथ ही उपायुक्त से पूर्व में दिए गए आवेदन पर उचित संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

माथाडीह वासियों के विरोध का पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने भी समर्थन किया। उन्होंने उपायुक्त से स्थानीय रैयतों के आवेदन की जांच कराने तथा किसी अन्य खाली जमीन पर वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कराने की मांग की।

राजेश यादव ने कहा कि कथित विकास के नाम पर गरीबों को उजाड़ने की नीति बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर गरीब निर्भर हैं, उसे छोड़कर किसी अन्य स्थान पर हॉस्टल का निर्माण कराया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक, संवैधानिक और न्यायिक तरीके से अपनी मांग को लेकर संघर्ष करने की अपील की और इस आंदोलन में समर्थन देने की बात कही।

बैठक में पार्टी नेता मनोज कुमार यादव, स्थानीय वार्ड पार्षद राजकुमार भुईंया, विजय कोल, सिन्टू कुमार दास, टीपू दास, जागो कोल, विजय दास, अर्जुन दास, गणेश दास, यदु दास, कोल्हा दास, दिनेश कोल, विनोद कोल, राहुल कोल, विकास कोल, गिरिया देवी, बसंती देवी, उर्मिला देवी, सावित्री देवी, गुड़िया देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More