गिरिडीह से कोलकाता के लिए नई ट्रेन की मंजूरी, वर्षों पुराना सपना पूरा होने की उम्मीद

गिरिडीह: गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अनुसार केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के प्रयासों से गया से कोडरमा, न्यू गिरिडीह होते हुए पश्चिम बंगाल के संतरागाछी रेलवे स्टेशन तक एक नई ट्रेन स्वीकृत हुई है। चैंबर का कहना है कि इससे गिरिडीहवासियों का गिरिडीह से कोलकाता सीधे जाने का वर्षों पुराना सपना पूरा होने की उम्मीद है।
स्मरण हो कि वर्षों पहले गिरिडीह से कोलकाता और पटना आने-जाने के लिए दो स्लीपर कोच की व्यवस्था थी, जिन्हें पहले दानापुर एक्सप्रेस और बाद में आनंद विहार एक्सप्रेस में जोड़ा जाता था। कोरोना काल के बाद यह व्यवस्था बंद हो गई। इसके बाद से गिरिडीह जिले के लोग लगातार गिरिडीह से कोलकाता और पटना के लिए सीधी ट्रेन की मांग करते आ रहे हैं।
इस संबंध में गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद रविंद्र पांडे तथा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ केंद्रीय रेल मंत्री से समय-समय पर मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था।
प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्गा पूजा से पूर्व यह ट्रेन शुरू हो जाएगी। इससे गिरिडीहवासियों को कोलकाता और गया दोनों तरफ की यात्रा करने में सुविधा होगी।
गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स ने अन्नपूर्णा देवी का आभार प्रकट किया है। साथ ही, चैंबर के कार्यकारिणी सदस्य और भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान के प्रति भी आभार व्यक्त किया है, जिनके प्रयासों से यह संभव हो पा रहा है।
