गिरिडीह: जी.डी. बगेड़िया पैरामेडिकल कॉलेज में नए छात्रों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम

गिरिडीह: जी.डी. बगेड़िया पैरामेडिकल कॉलेज, चैताडीह (माथाडीह), गिरिडीह में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के नवागंतुक पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम (दीक्षारंभ समारोह) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में DMLT, DOTA एवं X-RAY पाठ्यक्रम में नामांकित नए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विकास कुमार माथुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान महत्वपूर्ण है। उन्होंने नए छात्र-छात्राओं को पूरी निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने करियर की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के निदेशक अजय बगेड़िया की ओर से मुख्य प्रबंधक पीयूष सजल ने सभी नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की गौरवशाली परंपरा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कॉलेज आधुनिक लैब, अनुभवी शिक्षकों और बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य एवं मुख्य प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को कॉलेज के नियमों, पाठ्यक्रम, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सुविधाओं से भी परिचित कराया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के अलावा अधिवक्ता अनंत कुमार राय, अनिल कुमार कुशवाहा, आलोक कुमार मिश्रा, धवन कुमार यादव, विका मिश्रा, नेहा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, ईशा केडिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन स्वेता केडिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लवली मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और पैरामेडिकल क्षेत्र में उनके भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया गया। समारोह उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।
