गिरिडीह में ACB का बड़ा एक्शन, 30 हजार रुपये रिश्वत लेते साइबर थाना के सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गिरफ्तार

गिरिडीह। गिरिडीह साइबर थाना के सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार को धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई साइबर थाना के गेट के पास किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत ACB से की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद धनबाद ACB की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को तय रकम के साथ पुनीत कुमार को पकड़ लिया गया। आरोप है कि वह 30 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।
कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ACB की टीम गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर को अपने साथ ले गई। टीम मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
हालांकि, रिश्वत की रकम किस मामले को लेकर मांगी गई थी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। धनबाद ACB की आधिकारिक जानकारी के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गिरिडीह पुलिस विभाग में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
