आदिवासी समाज के बाद अब दलितों में आग! क्या संकट मोचक के बजाय खुद पार्टी का संकट बन गये निशिकांत!

रांची: झारखंड की सियासत में निशिकांत दुबे की पहचान उनकी सियासी भविष्यवाणियों को लेकर रही है. वह अक्सर ऐसी भविष्यवाणी कर जाते हैं. जिसके बाद उनका नाम अखबारों और सोशल मीडिया की सुर्खियों में छा जाता हैं. कई बार यह सियासी भविष्यवाणियां महज वह दमित आकांक्षाएं होती है. जिसका सच्चाई से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं होता. लेकिन इसका भी एक विशेष पाठक वर्ग है. खास कर भाजपा समर्थकों में इन भविष्यवाणियों से एक आशा का संचार होता है. इस सियासी युद्ध में उनका हौसला बुंलद होता है. उदास मुखड़े पर लालिमा बिखरती है. इस बात का विश्वास होता है कि बस अब हमारी सरकार तो आने ही वाली है. यह सरकार तो अब महज चंद दिनों की मेहमान है. याद कीजिए पिछले पांच वर्षों में कितनी बार झारखंड सरकार के पतन का डेडलाइन तय किया गया है. डेडलाइन तब भी तय हुआ था, जब खनन मामले में चुनाव आयोग की चिट्ठी राजभवन पहुंची थी, डेडलाइन तब भी तय हुआ था, जब ईडी पूजा सिंघल और दूसरे अधिकारियों को निशाना बना रही थी, डेडलाइन तब भी तय हुआ था, जब खनन मामले में साहिबगंज के पहाड़ों का खाक छान जा रहा था और भी ना जाने कितने अवसर आये, जब इस सरकार की जिंदगी चंद दिनों की मुकर्रर की गई. लेकिन सरकार चलती रही, हालांकि इस सियासी संघर्ष में पूर्व सीएम हेमंत को काल कोठरी की यात्रा भी हुई. लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसकी कीमत भी चुकानी पड़ी और आज पूरी भाजपा इस बात की पड़ताल में जुटी है कि बिरसा मुंडा की जन्म स्थली तक पीएम मोदी की यात्रा के बावजूद भाजपा का अर्जुन खूंटी में अपना किला बचाने में असफल क्यों रहा? सीता-गीता की जोड़ी ढेर क्यों हुई?
केन्द्रीय आलाकमान का पसंदीदा चेहरा निशिकांत
लेकिन निशिकांत दुबे की एक पहचान और है, वह झारखंड भाजपा के नेताओं में केन्द्रीय आलाकमान से सबसे नजदीक है, झारखंड की सियासत में उनका जो रसूख और अंदाज है. उसका कारण और कुछ नहीं दिल्ली दरबार है. जहां उनकी सुनी जाती है. अनकहे रुप से झारखंड भाजपा का संकट मोचक माना जाता है. लेकिन लगता है कि केन्द्रीय नेतृत्व की नजरों में झारखंड भाजपा का यह संकट मोचक, खुद झारखंड भाजपा का सबसे बड़ा संकट बन कर सामने आया है और इसकी वजह है, विधान सभा चुनाव के चंद महीने पहले गिरेबान पर लगता वह दाग, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि अपनी जीत की समीक्षा बैठक में निशिकांत दुबे ने देवघर सीटी भाजपा विधायक नारायण दास के कॉलर पर हाथ डाला, मां-बहनों की गाली के साथ सार्वजनिक रुप से अपमानित किया, एक दलित विधायक को भाजपा में उसकी असली औकात बतायी.
नारायण दास का दर्द, हर बार मिली जलालत
जिसके बाद इस अपमान सा सार्वजनिक इजहार करते हुए नारायण दास ने अपनी बेबसी को प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा में उनके साथ अपमान की एक लम्बी कहानी है. राजनाथ सिंह के मंच पर उनके साथ ही एक ओबीसी विधायक को सिर्फ इसलिए मंच नहीं चढ़ने दिया गया, क्योंकि हम समाज के निचले पायदान से आने वाले लोग थें और यही कारण है कि भाजपा का झंडा उठाकर चलने के बावजूद दलित पिछड़ा समाज के आने वाला कार्यकर्ताओं का पार्टी में कोई हैसियत नहीं है. हमारा काम सिर्फ खातिरदारी करना है. अपने विधान सभा से लीड दिलवाने के बावजूद हमें जातीय आधार पर जलील किया जा रहा है. जबकि सारठ विधायक रणधीर सिंह से सवाल पूछने की हिम्मत निशिकांत दुबे के पास नहीं है और तो और प्रदीप यादव सामने भी यह बड़बोलापन गायब हो जाता है.
झारखंड भाजपा में हर बगावती चेहरे के पीछे निशिकांत का दिया दर्द
यहां यह भी याद रहे कि आज झारखंड भाजपा में जितने भी बगावती चेहरे हैं, उसका एक सिरा निशिकांत दुबे से जुड़ता नजर आता है, चाहे वह राजपालिवाल हो या रणधीर सिंह या अब नारायण दास, सबकी नाराजगी निशिकांत दुबे और उनकी गतिविधियों को लेकर है. हालांकि चेहरे और भी है, जो अंदर ही अंदर निशिकांत दुबे से खार खाये हैं, लेकिन पार्टी में रहने की मजबूरी के चलते चुप्पी साध वक्त का इंतजार में हैं. लेकिन सवाल तो इसी चुप्पी और जमीन पर पसरते आक्रोश की है, जिसकी कीमत आज भाजपा को चुकानी पड़ रही है. आज देवघर में एक तरफ निशिकांत समर्थक नारायण दास के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं तो दूसरी ओर नारायण दास और उनके समर्थक निशिकांत दुबे का पुतला फूंक रहे है और प्रदेश भाजपा नेतृत्व बेहद खामोशी के साथ बेचारगी का चादर लपेटे सब कुछ देखने को अभिशप्त है.
नारायण दास की यह आग दलितों तक पहुंचा तब क्या होगा?
लेकिन बेचारगी का यह चादर भाजपा नेतृत्व तो ओढ़ सकता है, लेकिन नारायण दास अपने अंदर के जिस आग का सार्वजनिक इजहार कर रहे हैं, यदि वह आग झारखंड के 12 फीसदी दलित जातियों के पास पहुंच गयी, आदिवासी समाज की तरह दलित समाज ने भी इसे अपनी अस्मिता का सवाल बना लिया, तो फिर 26 फीसदी आदिवासी और 12 फीसदी दलित के बाद भाजपा के हाथ में शेष क्या रह जायेगा? 26 फीसदी आदिवासी समाज की नाराजगी में लोकसभा की पांच सीटें चली गयी, और यदि विधान सभा चुनाव में इस 26 फीसदी के साथ 12 फीसदी दलित आ खड़ा होता है तो फिर झारखंड में भाजपा की वापसी के बाबूलाल के सपने का क्या होगा? तो क्या इसके पीछे भी एक और रणनीति भी है, क्या निशिकांत के निशाने पर नारायण दास के बजाय खुद बाबूलाल मरांडी है? विधान सभा चुनाव में जीत के बाद जिनकी ताजपोशी की संभावना जतायी जा रही है, क्या यह सारी कहानी उसी संभावना में मिट्टी- मट्ठा डालने की तैयारी है?
