विधान सभा चुनाव 2024: भवनाथपुर के जंग में भानु प्रताप शाही पर मंडराया खतरा!

रांची: कोल्हान-संताल के बाद पलामू फतह करने की तैयारी में जुटी कल्पना सोरेन एक के बाद एक सियासी बिसात बिछाती नजर आ रही है. इसी में एक विसात 2009 में कांग्रेस के टिकट पर भवनाथपुर में फतह हासिल करने वाले अनंत प्रताप देव है. हालांकि 2009 में कांग्रेस के हिस्से जीत दिलवाने वाले अनंत प्रताप देव ने 2014 में भाजपा दामन थाम लिया. लेकिन भानु प्रताप शाही के साथ कड़े मुकाबले में 2,661 मतों से हार का सामना करना पड़ा. अनंत प्रताप देव की मुसीबत यह रही कि जिस अरमान के साथ उन्होंने भाजपा की वैशाखी का सहारा लिया था. 2019 में वह वैशाखी बेकार हो गयी. दरअसल 2014 में नवजवान संघर्ष मोर्चे के बनैर तले चुनाव जीतने वाले भानु प्रताप शाही ने खुद ही 2019 के पहले भाजपा का दामन थाम लिया. जिसके बाद अनंत देव के सामने सियासी संकट खड़ा हो गया, एक तरफ उनके खिलाफ सीबीआई की छापेमारी शुरु हो गयी और दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपने दरवाजे बंद करते हुए केदार प्रसाद यादव को अखाड़े में उतार दिया. लेकिन चुनावी अखाड़े में केदार प्रसाद यादव कहीं खड़े नजर नहीं आये. जहां बसपा उम्मीदवार सोगरा बीबी ने 56,914 मत लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, वहीं स्वतंत्र रुप से मैदान में कूदने वाले अनंत देव प्रताप ने 53,050 मत लाकर अपने मजबूत सियासी जमीन का परिचय दिया, जबकि केदार प्रसाद यादव को महज 10,895 वोट के साथ चौथे स्थान पर सिमटना पड़ा.     

भानु प्रताप शाही पर मंडराता खतरा 

यहां बता दें कि अनंतदेव का संबंध नगर उटांरी राज्य घराने से है. नगर उटांरी भवनाथपुर विधान सभा का एक प्रखंड मुख्यालय है. यहीं राज्य परिवार का किला है. अनंतदेव इसी राज घराने से ताल्लुक रखते हैं, अभी एक माह पहले जब तेजस्वी यादव का गढ़वा दौरा हुआ था. तेजस्वी यादव के साथ उनकी मुलाकात सुर्खियां बनी थी. जिसके बाद माना जा रहा था कि वह राजद के टिकट पर भवनाथपुर से उम्मीदवार बन सकते हैं, लेकिन अब जो खबर आ रही है कि उनकी मुलाकात कल्पना सोरेन से हुई है, और वह झामुमो के टिकट पर मैदान में उतरने की तैयारी में है. यदि कल्पना सोरेन का यह दांव रंग लाता है तो इस बार भवनाथपुर में भानु प्रताप शाही के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है, और इसका कारण है भवनाथपुर का सामाजिक समीकरण.
 

क्या है सामाजिक समीकरण

याद रहे कि भवनाथपुर विधान सभा में अनुसूचित जाति-26 फीसदी, अनुसूचित जनजाति 14 फीसदी, मुस्लिम- 14 फीसदी है, इसके साथ ही अगड़ी जातियों की अच्छी खासी आबादी है, इसमें 14 फीसदी अनुसूचित जनजाति और 14 फीसदी अल्पसंख्यकों को झामुमो का कोर वोटर माना जाता है. इस प्रकार झाममो के पास अपना 28 फीसदी का कोर वोटर है, जबकि अनंत देव अपने चेहरे के बूते अगड़ी जातियों में मजबूत सेंधमारी में भी सफल हो सकते है, वर्ष 2019 के मुकाबले में अनंत देव ने अपने चेहरे के बूते 53,050  लाकर इसका सबूत भी दिया है. लेकिन झामुमो की सबसे बड़ी चुनौती अनुसूचित जाति की 26 फीसदी आबादी को साधने की होगी. जिस पर बसपा का मजबूत प्रभाव है, और पिछले बार भी बसपा इस सीट से सोगरा बीबी को अखाड़े में उतार अल्पसंख्यक मतों में सेंधमारी कर चुकी है. यानि जिस 14 फीसदी अल्पसंख्यक को झामुमो अपना कोर वोटर मानती है, बसपा किसी भी अल्पसंख्यक चेहरे को मैदान में उतार कर इस सपने पर पानी फेर सकती है, इस हालत में कल्पना सोरेन की चुनौती अनुसूचित जाति के मतदाताओं को अपने साथ लाने और दूसरी ओर से अल्पसंख्यक मतदाताओं में सेंधमारी रोकने की होगी.

क्या असंभव है सेंधमारी पर विराम लगाना

दरअसल जिस अंदाज में कल्पना सोरेन की सियासी एंट्री हुई है, आदिवासी-मूलवासी मतदाताओं के साथ ही जिस तरीके से उन्हे शहरी और सामान्य जाति के मतदाताओं के द्वारा सुना जा रहा है, वह झामुमो की सियासत का अर्बन चेहरा बन कर सामने आती दिख रही है, इस हालत में यह कोई नामुमकिन टास्क नजर नहीं आता, खास कर तब जब उनके साथ अनंत प्रताप देव जैसा मजबूत चेहरा हो. लेकिन इसके साथ ही एक दूसरी संभावना भी बनती है, और यदि झामुमो के रणनीतिकार इस दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो भानु प्रताप शाही की वापसी पर अंतिम ताला लगाया जा सकता है.

सोगरा बीबी पर दांंव लगा झामुमो पलट सकता है गेम

झामुमो के पास एक और तरुप का पता है, कभी बहुजन पार्टी से अखाड़े  में उतर कर 56,914 हासिल कर दूसरा स्थान पाने वाली सोगरा बीबी, 2019 में मिली हार के बाद सोगरा बीबी आज कल झामुमो के साथ है. इस हालत में यदि झामुमो सोगरा बीबी को अपना उम्मीदवार बनाता है, तो अल्पसंख्यक मतदाताओं में सेंधमारी का खतरा भी समाप्त हो जायेगा और इसके साथ ही  झामुमो अपने आधार वोट के सहारे सोगरा बीबी को जीत की दहलीज तक भी पहुंचा सकती है. देखना होगा कि भानु प्रताप शाही की वापसी को रोकने लिए कल्पना सोरेन कौन का दांव आजमाती है. सोगरा का रास्ता चुनती है या अनंत प्रताप देव पर दांव लगाती है. लेकिन इतना तय है कि इस बार पलामू की सियासत बदलने वाली है,  जहां कई चेहरों के सामने ढेर होने का खतरा मंडरा रहा है, इसी में एक चेहरा हैं भानु प्रताप शाही.

  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More