धनबाद: एसबीआई ने स्व. सुनील यादव की पत्नी को सौंपा 31.51 लाख रुपये का बीमा क्लेम

धनबाद। भारतीय स्टेट बैंक दुगदा कोल वाशरी शाखा की ओर से स्व. सुनील यादव की विधवा पत्नी पिंकु देवी को एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की स्मार्ट स्वधन सुप्रीमो स्कीम के तहत 31 लाख 51 हजार 264 रुपये का चेक सौंपा गया। एक सादे समारोह में क्षेत्रीय प्रबंधक प्रियंका सिंह और मुख्य प्रबंधक श्रवण कुमार लाल ने पिंकु देवी को बीमा क्लेम की राशि का चेक प्रदान किया।
बताया गया कि स्व. सुनील यादव ने वर्ष 2025 में भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कराया था। बीमा कराने के एक वर्ष के भीतर ही उनका निधन हो गया। इसके बाद बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी को क्लेम की राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर दुगदा शाखा प्रबंधक श्रवण कुमार लाल ने कहा कि एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के अंतर्गत कई बेहतर योजनाएं उपलब्ध हैं। प्रत्येक व्यक्ति को बैंक के माध्यम से जीवन बीमा कराना चाहिए, ताकि परिवार भविष्य में आर्थिक रूप से सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना बीमा योजना से भी अधिक से अधिक लोगों को जुड़कर बीमित होना चाहिए। इससे किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता मिल सकती है।
मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार, प्रवीण कुमार झा, दिनेश कुमार, विमलेश कुमार, आशुतोष कुमार, रंजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक एवं खाताधारी उपस्थित थे।
