Dhanbad News: राधाष्टमी पर इस्कॉन में विशेष आयोजन, अतुल कृष्ण प्रभु की कथा बनी मुख्य आकर्षण

धनबाद:इस्कॉन धनबाद की ओर से श्रीमती राधारानी के दिव्य प्राकट्य महोत्सव राधाष्टमी के पावन अवसर पर डॉक्टर कॉलोनी, जगजीवन नगर स्थित बंगला नंबर 6 (डॉ. अभिजीत के आवास) पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में धनबाद के विधायक श्री राज सिन्हा जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन एवं भक्ति-भाव से राधाष्टमी महोत्सव मनाया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण श्रीमान अतुल कृष्ण प्रभु जी द्वारा प्रस्तुत राधारानी की महिमा पर विशेष कथा रही। श्री अतुल कृष्ण प्रभु जी का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ है और वर्तमान में वे इस्कॉन मायापुर में रहकर भक्ति एवं कृष्णभावनामृत के प्रचार-प्रसार में सेवा कर रहे हैं। उनकी ओजस्वी एवं भावपूर्ण कथा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया।

कथा के पश्चात श्रीराधा-कृष्ण का पुष्पाभिषेक किया गया। भक्तों ने पुष्प अर्पित कर श्रीमती राधारानी के दिव्य प्राकट्य दिवस पर अपनी श्रद्धा एवं भक्ति निवेदित की। पूरे कार्यक्रम के दौरान हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रेम एवं श्रद्धा के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया और राधारानी के चरणों में प्रार्थना अर्पित की।

इस प्रकार राधाष्टमी का यह पावन उत्सव कीर्तन, कथा, पुष्पाभिषेक एवं प्रसाद वितरण के साथ भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More