Bokaro News: राष्ट्रीय लोक अदालत में 8 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक की समझौता राशि

तेनुघाट लोक अदालत आयोजन।

बोकारो: तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में शनिवार 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 8965 मामलों का निष्पादन किया गया और लगभग 8 करोड़ 72 लाख 13 हजार रुपये की समझौता राशि वसूल की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए तीन बेंचों का गठन किया गया था। प्रथम बेंच में कुटुंब न्यायालय प्रेमनाथ पांडेय एवं अधिवक्ता शैलेश कुमार सिंह, द्वितीय बेंच में जिला जज प्रथम फहीम किरमानी एवं अधिवक्ता विनोद कुमार गुप्ता तथा तृतीय बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार पांडेय एवं अधिवक्ता प्रशांत पाल मौजूद थे।

इस संबंध में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के निष्पादन से यह प्रतीत होता है कि लोक अदालत पर लोगों का विश्वास जागा है और लोग आपसी समझौते से मामलों का निष्पादन करवा रहे हैं, जिससे लोगों में आपसी दोस्ताना संबंध भी बना रहता है।

आगे उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में चेक बाउंस के 39 मामलों में लगभग 67 लाख रुपये, बैंक के 386 मामलों में लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये और बिजली विभाग के 8374 मामलों में लगभग 6 करोड़ 20 लाख रुपये की समझौता राशि सहित अन्य कई मामलों का निष्पादन किया गया। उन्होंने लोक अदालत की सफलता के लिए सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ता, अधिवक्ता लिपिक, न्यायालय कर्मियों, पीएलवी एवं सभी विभागों के अधिकारियों को साधुवाद दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More