रिश्वतखोरी पर CBI का शिकंजा: गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में दो क्लर्क 18 हजार लेते गिरफ्तार

बोकारो। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को सीसीएल कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में कार्रवाई करते हुए दो लिपिकों को 18 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। धनबाद CBI के इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को रिश्वत लेते पकड़ा।
मामला परियोजना के सर्वे विभाग से करीब सात माह पूर्व सेवानिवृत्त हुए जनता नगर निवासी रसूल जमा के बकाया भुगतान से जुड़ा है। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन का भुगतान लंबित था। आरोप है कि भुगतान जल्द कराने के नाम पर दोनों क्लर्क रिश्वत की मांग कर रहे थे। परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद CBI से शिकायत की।
शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही रसूल जमा ने 18 हजार रुपये दिए, टीम ने दोनों को दबोच लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। CBI दोनों आरोपियों को अपने साथ धनबाद ले गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
