Bokaro News: बीएसएल हेल्थ सेक्टर के डीजीएम और पशुपालन पदाधिकारी ने दिया मानवता का परिचय

बोकारो। सेक्टर-12 ए, आवास संख्या 1589 के समीप निर्मित नाली में एक व्यक्ति की गाय गिर गई थी। इसकी सूचना मिलते ही बीएसएल प्लांट के हेल्थ सेक्टर के डीजीएम तरुण श्रीवास्तव ने मानवता का परिचय देते हुए सुशांत शेखर दुबे को संबंधित जगह भेजा। सुशांत ने गाय को सुरक्षित नाली से बाहर निकाला। वहीं, बोकारो जिला पशुपालन पदाधिकारी ने भी मानवता का परिचय देते हुए चिकित्सक और एंबुलेंस भेजकर गाय का उचित इलाज करवाया।
इसके लिए पत्रकार निर्मल महाराज सहित राहवासियों और ब्लॉकवासियों ने दोनों पदाधिकारियों को तहे दिल से धन्यवाद दिया है। साथ ही, भविष्य में भी इसी तरह मानवता का परिचय देकर मिसाल कायम करने का आग्रह किया है।
विदित हो कि सेक्टर-12 में अवैध रूप से बसे खटालवासियों से सभी ब्लॉकवासी काफी परेशान हैं। आरोप है कि इन अवैध रूप से बसे खटालवासियों ने बीएसएल प्लांट की बिजली और पानी का अवैध रूप से कनेक्शन लिया हुआ है, जिस कारण ब्लॉकवासियों को लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ता है। साथ ही, इन खटालवालों द्वारा जानवरों का मल-मूत्र और गंदगी नाली में फेंक दिया जाता है, जिससे नाली जाम हो जाती है और नाली का गंदा पानी ब्लॉक में घुस जाता है।
आरोप है कि इन खटालवालों द्वारा मरे हुए जानवरों को सड़क किनारे फेंक दिया जाता है। वहीं, जो गाय दूध देना बंद कर देती है, उसे लावारिस सड़क पर छोड़ दिया जाता है। लावारिस गायें रात में गड्ढे या नाली में गिर जाती हैं। उक्त गाय की मौत हो गई। इसके बाद बीएसएल प्लांट हेल्थ सेक्टर के डीजीएम तरुण श्रीवास्तव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृत गाय को उठाने के लिए डंपर गाड़ी भेजी और उसे अन्यत्र जगह जमीन में गड्ढा कर दफनवाया।
