बोकारो पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों का तबादला, 24 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

बोकारो: कानून-व्यवस्था को नई धार देने और थानों में कसावट लाने के मकसद से बोकारो पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जिलादेश संख्या 1393/2026 जारी करते हुए जिला पुलिस कप्तान नाथू सिंह मीणा ने एक साथ 24 पुलिस अधिकारियों को इधर से उधर किया है। आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी 24 घंटे के अंदर अपनी नई जगहों पर योगदान देंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस बड़े फेरबदल के तहत पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टरों को बड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। नित्यानंद महतो को बेरमो, ममता कुमारी को बीएस सिटी, विक्रांत कुमार को सेक्टर-6 और सुषमा कुमारी को यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, रोहित कुमार सिंह को बीटीपीएस, संजय कुमार को माराफारी, नितिश कुमार को सेक्टर-4 और सुदामा कुमार दास को सेक्टर-12 भेजा गया है।
साइबर क्राइम से निपटने के लिए पिंकू कुमार यादव और मो. आजाद खां को साइबर थाने में तैनात किया गया है। वहीं, अरविन्द कुमार को बेरमो अंचल, सुभाष चन्द्र सिंह को चास मु. अंचल, अनिल कच्छप को गोमिया अंचल और संगीता को चन्दनकियारी अंचल की कमान सौंपी गई है।
दूसरी तरफ, थानों और ओपी प्रभारियों के चेहरों में भी बदलाव किया गया है। अब दुग्दा थाने की कमान अमन कुमार के हाथों में होगी, जबकि पूर्व दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार-02 को बोकारो झरिया ओपी भेजा गया है। श्रीनिवास कुमार सिंह अब चन्द्रपुरा थाना संभालेंगे। वहीं, अनिल लिण्डा को नावाडीह और मुकेश दयाल सिंह को पेंकनारायणपुर का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी प्रकार, राहुल कुमार राम को कथारा ओपी, अमरजीत कुमार सिंह को अमलाबाद ओपी, आवेन्द्र कुमार साव को भोजुडीह ओपी, उदय शंकर शर्मा को बनगडिया ओपी और शशिकान्त ठाकुर को मकोली टीओपी का जिम्मा सौंपा गया है।
24 घंटे की डेडलाइन के साथ जारी इस तबादला आदेश के बाद थानों से लेकर पुलिस चौकियों तक पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
