बोकारो: पिंड्राजोरा पुलिस ने XUV 500 से 1080 केन अवैध बीयर किया जब्त, चालक फरार

बोकारो। पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिंद्रा XUV 500 से 45 कार्टून में लदी 1080 केन अवैध बीयर बरामद की है। पुलिस के अनुसार वाहन में हायवर्ड्स 5000 की कुल 1080 केन बीयर लदी थी। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से चास की ओर आ रही सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 (WB02AA 5500) में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पिंड्राजोरा पुलिस ने चास कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

पुलिस के मुताबिक, चालक चेक नाका को चकमा देकर वाहन लेकर फरार होने लगा। इसके बाद गश्ती दल ने वाहन का पीछा किया और सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बासा के पास उसे पकड़ लिया। हालांकि, वाहन चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।

वाहन की तलाशी लेने पर 45 कार्टून में कुल 1080 केन बीयर बरामद हुई। पुलिस ने वाहन एवं बीयर को जब्त कर लिया। मामले में वाहन मालिक, चालक और उसके सहयोगी के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 274, 275, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस वाहन मालिक, चालक और फरार सहयोगी की पहचान एवं उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

कार्रवाई में पिंड्राजोरा थाना के सह थाना प्रभारी रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप टुडू, आरक्षी दीपक कुमार महतो, आरक्षी दिलीप विश्वकर्मा और गृहरक्षक चालक चंदन कुमार शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More