बोकारो: खाद्य संयम दिवस के साथ शुरू हुआ पर्युषण महापर्व, नौ दिनों तक बहेगी आध्यात्मिक ज्ञान की सरिता

बोकारो। “जैसा खाए अन्न, वैसा होए मन…” की सनातन और आध्यात्मिक चेतना के साथ श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, चास-बोकारो के तत्वावधान में जैन धर्मावलंबियों का नौ दिवसीय आत्म-साधना, तप और त्याग का महापर्व पर्युषण मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। चास स्थित पुराने कुलदीप टॉकीज कॉम्प्लेक्स स्थित माणकचंद छल्लानी निवास पर आयोजित अनुष्ठान का शुभारंभ खाद्य संयम दिवस के रूप में किया गया।

परम पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री महाश्रमण जी की महती अनुकंपा से चास-बोकारो समाज में धर्म की अलख जगाने के लिए विशेष रूप से पधारीं विदुषी उपासिका शांति गुजरानी एवं सहयोगी निहारिका सिंघी, सीपीएस जोनल ट्रेनर के सान्निध्य में यह महापर्व 8 से 16 सितंबर 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान प्रतिदिन प्रवचन एवं प्रतिक्रमण का आयोजन किया जाएगा।

उपासिका शांति गुजरानी ने पर्युषण महापर्व के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संभवायांग सूत्र का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर ने चातुर्मास के 50 दिन व्यतीत होने और 70 दिन शेष रहने पर इस महापर्व की आराधना की परंपरा स्थापित की थी।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार किसी बलवान शत्रु पर विजय प्राप्त करने के लिए बल-संचय आवश्यक है, उसी प्रकार काम, क्रोध और राग-द्वेष जैसे आंतरिक शत्रुओं के शमन के लिए पर्युषण पर्व आध्यात्मिक ऊर्जा संचित करने का अवसर है।

उन्होंने बताया कि पर्युषण के दौरान श्रावकों को प्रतिदिन तीन सामायिक, एक से दो घंटे का मौन, एक घंटा स्वाध्याय, नौ द्रव्यों से अधिक भोग-उपभोग का त्याग, सचित्त एवं जमीकंद का परिहार, रात्रि भोजन का त्याग और ब्रह्मचर्य का पालन करते हुए जीवन को अनुशासित बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल जैन धर्मावलंबियों के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव संस्कृति के कल्याण का पर्व है।

निहारिका सिंघी ने अपने संबोधन में पर्युषण को आत्मशोधन का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि खाद्य संयम केवल यह तय करना नहीं है कि हम क्या खाएं, बल्कि यह चिंतन भी है कि हम कितना, क्यों और किस भाव से खाएं।

आधुनिक बुफे संस्कृति, ऑनलाइन फूड डिलीवरी और स्वाद के प्रति बढ़ते आकर्षण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हमारा शरीर एक अनमोल वाहन है और भोजन उसका ईंधन है। जिस प्रकार गलत ईंधन से वाहन खराब हो सकता है, उसी प्रकार केवल जिह्वा के स्वाद के लिए किया गया असंतुलित भोजन मन और विचारों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि जीभ की लालसा और शरीर की वास्तविक आवश्यकता के बीच अंतर समझना जरूरी है।

उन्होंने अहिंसक आहार, भोजन के प्रति कृतज्ञता और भोजन की बर्बादी रोकने को सच्चे खाद्य संयम का हिस्सा बताया। दैनिक जीवन में संयम अपनाने के लिए उन्होंने भूख और स्वाद की इच्छा में अंतर समझने, भोजन करते समय मोबाइल से दूरी बनाने, भोजन को धीरे-धीरे चबाने तथा आवश्यकता के अनुसार ही थाली में भोजन लेने जैसे व्यावहारिक सूत्र बताए।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया प्रमुख सुरेश बोथरा ने बताया कि पर्युषण महापर्व की अगली कड़ी में 9 सितंबर को स्वाध्याय दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान आत्मचिंतन और जैन आगमों के अध्ययन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर माणकचंद छल्लानी, शांति लाल, अभय बेगवानी, राजेश कोठारी, अनिल बैद, विनोद चोपड़ा, कनक जैन, ललिता चोपड़ा, किरण पारीख, सरोज छल्लानी सहित तेरापंथ समाज के अनेक गणमान्य प्रबुद्धजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में भक्ति, तप और आत्म-संयम का आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More