बरहरवा की बेटी का कमाल, राजमिस्त्री की बेटी बनेगी डॉक्टर

साहिबगंज। हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इस कहावत को सच कर दिखाया है बरहरवा प्रखंड के डिकिटिया गांव की होनहार बेटी सोनी कुमारी ने। राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले शिव कुमार महतो की बेटी सोनी कुमारी का चयन एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए झारखंड के प्रतिष्ठित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में हुआ है। उनकी सफलता से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सोनी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा में 90 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। बचपन से डॉक्टर बनने का सपना देखने वाली सोनी ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर अपने सपने को साकार कर दिखाया।

सोनी की सफलता उनके पिता शिव कुमार महतो के संघर्ष और त्याग की भी मिसाल है। सीमित संसाधनों के बावजूद राजमिस्त्री का कठिन काम करते हुए उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और उसके सपनों को पूरा करने के लिए लगातार उसका हौसला बढ़ाया।

अपनी सफलता पर सोनी कुमारी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के साथ गुरुजनों प्रोफेसर भागीरथ पंडित और अमित कुमार को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग ने उन्हें लक्ष्य हासिल करने में मदद की।

सोनी की यह उपलब्धि क्षेत्र के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और परिवार के सहयोग से सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More