सराइकेला विधानसभा चुनाव 2024: चंपाई सोरेन के सामने झामुमो का चेहरा कौन!

रांची: आखिरकार वही हुआ, जिसकी आशंका सियासी गलियारों में जताई जा रही थी. खाली हाथ दिल्ली पहुंचे चाचा चंपाई को भाजपा के रणनीतिकारों ने कोई खास महत्व नहीं दिया. दावा किया जा रहा है कि झामुमो में टूट को अंजाम देने में असफल रहने के बाद, भाजपा का झंडा थमाने के बजाय, चंपाई सोरेन को उम्र और सियासत के इस पड़ाव पर अपनी राजनीतिक पार्टी खड़ा कर झामुमो का कोर वोटर में सेंधमारी का नया टास्क दिया गया है. इसी रणनीति के तहत नयी राजनीतिक पार्टी का गठन करने की घोषणा भी कर दी गयी है. अब यह नयी-नवेली पार्टी विधानसभा चुनाव में कितना असर डालेगी, सांगठनिक ढांचा कितना मजबूत होगा, जीत का परचम फहरायेगी या फिर झामुमो का कोर वोटर में सेंधमारी ही एकमात्र लक्ष्य होगा और यह सेंधमारी की कोशिश भी कितनी कामयाब और कितना नाकामयाब होगी, इसका फैसला तो विधानसभा चुनाव का परिणाम से तय होगा. 

सराइकेला विधानसभा चुनाव 2024: बागी चंपाई सोरेन के सामने झामुमो का चेहरा कौन!
अपने समर्थकों के साथ चंपाई सोरेन

 

कभी कृष्णा मार्डी होते थें कोल्हान में झामुमो का चेहरा

लेकिन, यदि हम अतीत के अनुभवों से सीखने की कोशिश करें तो कभी कोल्हान की सियासत में कृष्णा मार्डी को भी झामुमो का एक बड़ा चेहरा माना जाता था. सरायकेला विधान सभा, जहां से फिलहाल चंपाई सोरेन विधायक हैं. कृष्णा मार्डी 1985 और 1990 में झामुमो के टिकट चुनाव जीतें, 1991 में उन्हे चाईबासा संसदीय सीट से संसद भेज दिया गया और सराइकेला की कमान चंपाई सोरेन के हाथ में सौंप दी गयी. लेकिन संसद पहुंचते ही कृष्णा मार्डी ने भी अपने चेहरे को कोल्हान का सबसे बड़ा चेहरा मानने की भूल कर दी और 1992 में 9 विधायकों के साथ झामुमो को तोड़ दिया. सियासी विश्लेषकों ने तब कृष्णा मार्डी के उस बगावत को कोल्हान से झामुमो की विदाई की पटकथा बताया था. लेकिन आज कृष्णा मार्डी सियासत के गलियारों में किस गुमनामी का शिकार हैं, इसकी खोज लेने वाला भी कोई नहीं है. फिलहाल वह झारखंड मुक्ति मोर्चा (उलगुलान) के सहारे अपने हिस्से का ‘उलगुलान’ की खोज करते फिर रहे हैं. लेकिन तीन दशक गुजरने के बावजूद आज तक एक भी चुनावी सफलता हाथ नहीं लगी, ना जाने कितने सियासी प्रयोग किये, कितना रंग बदला, लेकिन कोल्हान की जमीन पर कोई भी रंग कामयाब होता नहीं दिखा. इस हालत में आज से जब तीन या चार दशक के बाद कोल्हान की सियासत में चंपाई सोरेन का जिक्र होगा, तब उनके हिस्से सफलता की कहानियां लिखी जायेगी या फिर विफलताओं का ढेर यह भी देखने वाली बात होगी.

 बगावत के बाद भी अभेद रहा सरायकेला का किला

कृष्णा मार्डी
कृष्णा मार्डी (फाइल फोटो)

 

फिलहाल सवाल महज इतना है कि चाचा चंपाई ने तो उम्र के इस पड़ाव पर एक नयी राजनीति पार्टी खड़ा करने की घोषणा कर दी है. दृष्टि और लक्ष्य बिल्कुल साफ है. लेकिन अपने चाचा की इस रणनीति का भतीजे हेमंत के पास काट क्या है? सराईकेला का वह किला, जो कृष्णा मार्डी के बगावत के बाद भी झामुमो के पास बना रहा, सिर्फ 2000 को छोड़कर जब अनंत कुमार टुडू ने भाजपा का झंडा लहराया था, 1991, 1995, 2005,2009,2014 और 2019 में चंपाई सोरेन झामुमो का झंडा बुलंद करते रहें. इस बार झामुमो के पास चंपाई सोरेन के खिलाफ चेहरा कौन होगा?

32 वर्षों के बाद फिर से वही सवाल, कौन होगा खेवनहार?  

करीबन 32 वर्षों के बाद एक बार फिर से वही सवाल खड़ा हो गया है कि कौन होगा सराइकेला में झामुमो का खेवनहार? जिस चाचा को इतना सम्मान दिया गया, जिसके कंधों पर इतनी बड़ी जिम्मेवारी दी गयी, सोरेन परिवार किसी सदस्य के बजाय सीएम की कुर्सी दी गयी, आज वह अपने को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए साथ छोड़ चुके हैं. लेकिन इस सवाल को तलाशने के पहले हमें उस सियासी जमीन को भी टटोल लेना चाहिए, जिसकी बुनियाद पर चंपाई सोरेन की अब तक की सियासी यात्रा रही है. हालांकि कई जानकारा यह दावा कर रहे हैं कि चाचा चंपाई के इस बगावत के साथ ही कोल्हान की जमीन के झामुमो का सफाया हो जायेगा. अब  अगल -बगल की सभी सीटों पर भाजपा का झंडा फहरना तय है. लेकिन हम आज सिर्फ उस सराइकेला की जमीन पर चाचा चंपाई की ताकत का आकलन करने की कोशिश करेंगे. जिस जमीन पर पिछले तीन दशक से उनकी सियासत चलती रही है.

किस सियासी जमीन पर खड़े हैं चंपाई सोरेन

याद रहे कि वर्ष 2009 में 57,156 के साथ जीत मिली थी, जबकि भाजपा के लक्षमण टुडू 53,910 जीत की दहलीज पर आकर भी चूक गये थें. यानि हार जीत का अंतर महज 3,246 वोट का था. 2014 में भाजपा ने लक्षमण टुडू को मोर्चे से हटाकर गणेश महली को मुकाबले में खड़ा किया, चंपाई सोरेन को 94,746 के साथ जीत मिली और गणेश महली के हिस्से  93,631 वोट. इस बार भी हार जीत का अंतर 1,115 का रहा. वर्ष 2019 जब पूरे आदिवासी-मूलवासी समुदाय के बीच हेमंत सोरेन के पक्ष में एक हवा बहती दिख रही थी तब चंपाई सोरेन को 111,554 वोट मिला था, जबकि भाजपा के गणेश महली के हिस्से में 95,887 वोट आया था. जबकि कभी भाजपा का झंडा उठाकर चलने वाले और आजसू उम्मीदवार अनंत राम टुडू के हिस्स में आया था 9956 वोट. उस प्रचंड आंधी के बावजूद, जिसमें कोल्हान की सभी सीटों से भाजपा का सफाया हो गया था, हार जीत का अंतर महज 15,667 का था. साफ है कि अपने सियासी पैंतरों से कोल्हान से झामुमो का सफाया करने की हसरत रखने वाले चंपाई सोरेन की सियासी जमीन सराईकेल में कभी भी उतनी मजबूत नहीं रही, और अब तक के सियासी सफर में खुद की पकड़ का कितना योगदान रहा और झामुमो की सियासी जमीन का कितना योगदान, इसकी तस्वीर भी इसी विधानसभा चुनाव के परिणाम से साफ हो जायेगी. लेकिन फिर से वही सवाल, बागी चंपाई सोरेन के सामने इस बार कौन होगा सराइकेला विधानसभा में झामुमो का चेहरा? निश्चित रुप से टिकट वितरण तक इसकी सटीक भविष्यवाणी मुश्किल है, लेकिन इतना तय है कि झामुमो के अंदर इसकी खोज शुरु हो चुकी है. चाचा चंपाई को किसी भी सूरत में वाक ओवर नहीं मिलने वाला है. खास कर कोल्हान के वे विधायक जिनकी चाहत भी मंत्री पद की रही है, लेकिन चंपाई सोरेन के चेहरे के कारण, अब तक किनारा किया जाता रहा है, गुरुजी के साथ रिश्तों की दुहाई देकर मनाने की कोशिश की जाती रही है, इस बार उनके सामने भी चाचा चंपाई को अंतिम रुप से मुकाबले से बाहर करने का अवसर होगा. फिलहाल इस चेहरा कौन होगा, इस सवाल का जवाब पाने के लिए हमें कुछ और इंतजार करना होगा. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More