पूछ रही है झारखंड की जनता, पिछले साढ़े चार साल में मिला क्या: हिमंता बिस्वा सरमा

रांची: झारखंड प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी सह असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि आज पूरा झारखंड हेमंत सोरेन से पूछ रहा है कि हमें तो नहीं मिला आपको मिला क्या ? हेमंत सोरेन ने युवाओं को हर साल 5 लाख नौकरी देने, नौकरी नहीं तो बेरोजगारी भत्ता देने और दोनों वादा पूरा नहीं करने पर राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी। ऐसा बीजेपी ने नहीं बोला और ना ही भाजपा ने इसके लिए आपको प्रेरित किया। आपने यह बात प्रण लेते हुए शहीद निर्मल महतो की समाधि स्थल पर बोला। वादा पूरा नहीं किया तो यह एक शहीद का भी अपमान है। सरमा ने झारखंड भाजपा की ओर से “मिला क्या” कैंपेन के लॉन्चिंग के दौरान बोल रहे थे।  

शिबू सोरेन का नाम लेकर बोला हमला

प्रदेश भाजपा चुनाव सह प्रभारी ने कहा कि मेरे पिताजी का कोई बड़ा परिचय नहीं है परंतु शिबू सोरेन जी एक बड़ी शख्सियत हैं। अगर उनका बेटा वचन पूरा नहीं करेगा तो भला कौन वचन पूरा करेगा। हेमंत सोरेन जी एक महीना का इंतजार कीजिएगा या एक-दो दिन में ही राजनीति से संन्यास ले लीजिएगा। दो अक्टूबर या और कोई एक तिथि तय करके आप राज्य की जनता को बता दीजिए कि कब सन्यास ले रहे हैं। क्योंकि नवंबर में चुनाव होना है, सितंबर तक का ही समय आपके पास है 

उन्होंने कहा कि युवाओं के बेरोजगारी भत्ते का 15000 करोड़, महिलाओं के पेंशन का 3750 करोड़, महिलाओं को बिना गारंटी के ऋण का 2.5 लाख करोड़, चूल्हा भत्ता का 60000 करोड़, शादी के बाद महिलाओं के सोने के सिक्के का 300 करोड़ और हर परिवार को सालाना 72000 का 1.80 लाख करोड़ रुपए का क्या हुआ ? 

फ्री बालू को लेकर भी पूछा सवाल

उन्होंने कहा कि हमने अभी खिजरी विधानसभा में महिलाओं से पूछा कि बालू फ्री मिला क्या तो किसी ने भी हां नहीं कहा। इस सरकार ने पैसा देने का, नौकरी बांटने का और स्कीम देने का वादा किया था परंतु यह सरकार पैसा वसूली कर रही है, एक प्रकार से कहना उचित होगा कि यह सरकार राज्य के लोगों के साथ डकैती कर रही है। सीएम बोल रहे हैं कि बालू फ्री देंगे और माफिया बोल रहा है कि बालू फ्री नहीं लेने देंगे, अब बताइए माफिया बड़ा है या सीएम बड़ा ? घुसपैठ का मामला हम लोग उठाते हैं तो इसे सरकार राजनीति से प्रेरित बताती है परंतु यहां अलकायदा से जुड़े होने के आरोप में डॉक्टर की गिरफ्तारी हो जाती है, वह राज्य सरकार को नहीं दिखता। 

युवा सवाल भी नहीं पूछ सकते क्या

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि झारखंड के युवा सवाल भी नहीं पूछ सकते हैं। युवा आक्रोश रैली निकालते हैं तो उन्हें आंसू गैस, लाठी और बम मिलता है। ंहेमंत सोरेन मानो भगवान बन गए हों, वह ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। उनकी मर्जी मानो किसी को कुछ देना होगा तो देंगे, कोई उनसे कुछ सवाल भी नहीं पूछ सकता है। असम के इलाके में आता हूं। वहां 30 साल से अल्फा से जूझ रहा हूं। आज तक ऐसी बैरिकैटिंग नहीं देखा। मोराबादी में बाबूलाल मरांडी की सभा संबोधन के दौरान सरकार का युवाओं के साथ जो बर्बर रवैया देखने को मिला, वह शर्मनाक है।

12000 अज्ञात लोगों पर एफआईआर गलत

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, अमर बाउरी, संजय सेठ सहित 52 कार्यकर्ताओं पर एफआईआर किया गया, इस पर कोई आपत्ति नहीं है। इन लोगों को जेल भी जाना पड़ेगा तो कोई दिक्कत नहीं है परंतु 12000 अज्ञात पर केस करना गलत है। इस अज्ञात के माध्यम से इस सरकार ने ब्लैकमेलिंग का एक रास्ता खोल रखा है कि राज्य के किसी भी हिस्से में कोई युवा या अन्य इस सरकार से सवाल करेगा तो इसी केस में उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा। जलियांवाला बाग में भी ब्रिटिश शासन ने ऐसा एफआईआर नहीं किया होगा जैसा झारखंड सरकार ने किया है। लोकतंत्र में देश के किसी हिस्से में ऐसा फिर का दूसरा कोई उदाहरण नहीं मिल सकता है। 

डीजीपी को दी चुनौती

डीजीपी को उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तेल लगाना है तो लगाओ लेकिन इतना मत लगाओ। यह केस सुप्रीम कोर्ट में एक दिन भी नहीं टिकेगा इस एफआईआर को लेकर कानून के दायरे में आकर हमलोग डीजीपी को कानून सिखा देंगे। डीजीपी साहब आपने गलत जगह हाथ लगा दिया है। जेएमएम वाले बोलते हैं कि 5000 आदमी अंदर थे तो फिर यह 12000 का आंकड़ा आपके पास डीजीपी साहब कहां से आया। भारत में संविधान का राज है। तीन दिनों में 12000 का आप नाम दीजिए अन्यथा हम लोग इसे कोर्ट में लेकर जाएंगे। अज्ञात के नाम पर ब्लैकमेलिंग का रास्ता मत खोलिए। आप पता कर लीजिए कि एफआईआर में रणधीर सिंह और कोचे मुंडा का अपने नाम दिया है तो वह रांची में थे या नहीं थे। उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि ऐसे डीजीपी के भरोसे झारखंड में चुनाव संपन्न नहीं हो सकता है। 

उन्होंने कहा कि भारत में आंदोलन करने से भला कौन रोक सकता है। हेमंत सोरेन की आज आपको बता दिया जा रहा है कि आपसे जवाब मांगने सितंबर में फिर हम लोग आ रहे हैं। हम लोग शहीद निर्मल महतो जी की समाधि पर भी जाएंगे वहीं से आपको आपके वादों को याद दिलाएंगे। आपको सभी वादों को निभाना ही होगा। आप भले अपने वादे भूल जाइएगा परंतु हम लोग आपको सोते-जागते इस वादे को भूलने नहीं देंगे। हम तो पूछेंगे ही, झारखंड का हर एक नागरिक पूछेगा कि आपको मिला क्या ?

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More