झारखंड को मिलने जा रहा पहली महिला सीएम! कल्पना सोरेन की ताजपोशी की चर्चा तेज

रांची: उमस भरी गर्मी के बाद झमाझम बारिश, फिर हल्की धूप और अब आसमान पर मंडराते बादल, कुल मिलाकर राजधानी रांची का मौसम बेहद हसीन है. लेकिन उससे भी हसीन यहां की सियासत है. जहां कत्ल तो होते हैं, लेकिन आह नहीं निकलती, निकले भी तो कैसे? दर्द भी तो वही दे रहा है, जिसने कभी बिन मांगे हसीन तोहफे की सौगात दी थी. दिशोम गुरु का अंगुली पकड़ सियासत की टेढ़ी-मेढ़ी पगडंडियों पर सफर की शुरुआत करने वाले टाइगर ऑफ कोल्हान ने तो कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन इस ख्वाब के डगर में सीएम की कुर्सी भी आयेगी. लेकिन भतीजे हेमंत पर आफत क्या आई, साजिशों का तानाबाना क्या बुना गया, सीएम की कुर्सी खुद चलकर पास पहुंच गयी. साजिश भले ही किसी और ने रची हो, राजनीति दुरभिसंधियों का ताना बाना भले ही किसी और ने बुना हो, लेकिन साजिश का फलाफल चंपाई दा को मिला. उस विकट परिस्थिति में जब पार्टी और संगठन को संभालना एक कठीन चुनौती थी, चाचा के पैरों पर कल्पना की आरती हुई, पैर पकड़ सीएम की कुर्सी सौंपी गई, साथ ही यह संदेश भी गया कि यह अमानत है, जिसे आपको संजोकर रखना है, आप पार्टी के सबसे बुजुर्ग  और वफादार सिपाही है, दिशोम गुरु से लेकर भतीजे हेमंत तक हर सुख दुख में आप पार्टी के साथ रहे हैं, आपसे ज्यादा योग्य और वफादार इस सोरेन परिवार का कोई हो नहीं सकता. भतीजे हेमंत के आसपास जमी चौकड़ी जो अपने आप को सर्वेसर्वा मानने का भूल कर बैठे थें, इस फैसले से सन्नीपात की अवस्था में पहुंचते दिखें, कहां तो वह अपने आप को सबसे करीबी मानने थें, रात दिन की जमती थी, लेकिन जब बाद विश्वास की आयी, जब बात अमानत संभालने की आयी, तो सोरेन परिवार ने इसकी जिम्मेवारी उस कंधों पर सौंपने का फैसला किया, जिसने हर मौसम में अपना खून पसीना इस सोरेन परिवार को सौंपा. जिसने बदलते मौसम के साथ करवट नहीं फेरा, एक निष्ठा के साथ पार्टी की नीतियों के साथ खड़ा रहा, सत्ता की मलाई खाने की नियत नहीं पाली, हर पल वफादारी का नमक खाया.

सपना कितना भी हसीन हो टूटता जरुर है  

लेकिन साजिश तो साजिश होती है, सपना कितना ही हसीन क्यों नहीं हो, टूटता जरुर है, वकीलों की दलील में साजिशों की हवा निकल गयी और भतीजा मूंछ पर ताव देते हुए बाहर आया, चारों ओर से आवाज आयी, शेर वापस आया, चाचा चंपाई ने कलेजे के इस टूकड़े को सीने से लगाया, गोया राम वनवास के बाद वापस लौटा हो, साथ ही इस बात की घोषणा भी कर दी कि आने वाला  विधान सभा चुनाव में पार्टी का चेहरा भतीजा हेमंत ही होगा,  हेमंत के चेहरे पर ही विधान सभा का चुनाव लड़ा जायेगा. यानि विधान सभा चुनाव के बाद अगला सीएम हेमंत ही होगा. हम तो बस इस विधान सभा के शेष कार्यकाल तक अपना दायित्व निभायेंगे.

भतीजे के दिमाग में तो कल्पना का सुरूर

लेकिन भतीजे के दिमाग में तो कल्पना का सुरूर सवार था. कल्पना की खुमारी थी, अपनी कल्पना की ताजपोशी का सपना था, चाचा ने अपने हिस्से का रोल अदा कर दिया, अब पर्दा गिराने का वक्त आ गया है. इस खुरदुरे चेहरे से दर्शक बोर हों कि उसके पहले ही दूसरी तस्वीर पेश करनी है, जहां से कहानी आगे बढ़ेगी, कल्पना का विस्तार होगा, उसे अंतिम  मुकाम तक पहुंचाया जायेगा. हां, चाचा के लिए एक दूसरी भूमिका की तलाश होगी. वह तलाशी भी जा रही है, जल्द ही उसका भी खुलासा होगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More