गर्मी ने मचाया कहर! झारखंड में अभी मानसून आने की संभावना नहीं, लू जारी, आज इन इलाकों में लू की चेतावनी

रांची: झारखंड के लोग मानसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस बार मानसून तीन दिन देरी से चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 जून तक झारखंड में मानसून के कोई संकेत नहीं हैं। अब 21 जून के बाद ही इसके आने की उम्मीद है। आमतौर पर मानसून बंगाल की खाड़ी के रास्ते राज्य में आता है। जबकि, एक मानसून की बारिश अरब सागर से भी होती है। अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवा तेजी से बढ़ रही है, जिसके कारण समय से पहले ही महाराष्ट्र में मानसून आ गया है।
हालांकि शुरुआती दिनों में दक्षिण-पूर्वी मानसून ने तेजी दिखाई थी। इसने समय से पहले पूर्वोत्तर के सभी राज्यों को कवर कर लिया था। लेकिन उसके बाद इसकी गति धीमी पड़ गई है। यही वजह है कि पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में मानसून की बारिश शुरू नहीं हो पाई है। बारिश नहीं होने से हालात ऐसे हैं कि पलामू प्रमंडल के कई जिलों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
पलामू में आज लू की चेतावनी : मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जताया है कि 18 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इससे सटे उत्तरी भागों में लू चल सकती है। इसी दिन राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं और वज्रपात भी हो सकता है।
