झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से राजेश ठाकुर की विदाई तय! आदिवासी चेहरा या पिछड़े को कमान, उलक्षण में आलाकमान

रांची: लोकसभा चुनाव में सभी गैर आदिवासी सीटों से सफाये के बाद कांग्रेस आलाकमान की नजर झारखंड पर जमी हुई है. 24 जून की समीक्षा बैठक में ही प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे में बदलाव का संकेत मिला था और अब जो खबर आ रही है उसके अनुसार प्रदेश अध्यक्ष के रुप में राजेश ठाकुर की विदाई तय मानी जा रही है. संसद सत्र की समाप्ति के साथ ही झारखंड को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है.
बंधु तिर्की के साथ ही आदिवासी समाज से कई दावेदार
सूत्रों का दावा है कि राजेश ठाकुर की विदाई तय है. लेकिन सवाल यह है कि अब यह जिम्मेवारी किसके कंधों पर सौंपी जाय. यदि आदिवासी चेहरे की बात करें तो पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सुखदेव भगत,प्रदीप बालमुचू की चर्चा है. वहीं गैर आदिवासी चेहरे में डॉ अजय कुमार भी आलाकमान की नजर में हैं. लेकिन ये दोनों ही चेहरे खांटी कांग्रेसी चेहरे नहीं है, जहां बंधु तिर्की कई पार्टियों का सफर करते हुए कांग्रेस में शामिल हुए हैं, वहीं अजय कुमार भी बीच बीच में पार्टी को अलविदा कर सियासी प्रयोग करते रहे हैं, इसके पहले भी उनके कंधों पर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गयी थी, लेकिन उसका कोई खास नतीजा नहीं निकला था. एक और नाम सुबोधकांत सहाय का है, लेकिन रांची संसदीय सीट से उनकी बेटी यशस्विनी सहाय की हार उनको रेस से बाहर करती दिख रही है.
सामाजिक समीकरण को साधना एक चुनौती
दरअसल कांग्रेस इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चेहरे के साथ झारखंड के सामाजिक समीकरण को भी साधना चाहती है. जहां तक आदिवासी चेहरे की बात है तो महागठबंधन के पास पहले ही हेमंत सोरेन, चंपाई सोरेन और कल्पना सोरेन के साथ आदिवासी चेहरे की एक लम्बी कतार है. जिसका लाभ उसके चुनावों में मिलता रहा है. दूसरी ओर वह अगड़ी जातियों पर दांव लगा कर उसका हश्र भी देख चुकी है. राजेश ठाकुर अपने ही बूथ पर कांग्रेस के 100 वोट लाने में असफल साबित हुए. सुबोधकांत जिन्हे झारखंड में कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा समझा जाता है, और इसी विश्वास के साथ कांग्रेस ने उनकी बेटी यशस्विनी सहाय को रांची से टिकट दिया था, लेकिन सुबोधकांत यह सीट निकलाने में कामयाब नहीं रहें. इस हालत में कांग्रेस के अंदर किसी पिछड़े चेहरे पर भी दांव लगाने की चर्चा शुरु हो चुकी है. जिसका लाभ कांग्रेस के साथ ही महागठबंधन को भी हो सकता है. हालांकि फिलहाल कांग्रेस के पास पिछड़ी जाति का कोई मजबूत चेहरा नहीं आता. खास कर 17 फीसदी आबादी होने का दावा करने वाला कुर्मी जाति का प्रतिनिधित्व कांग्रेस में उस रुप में नहीं है. जबकि दूसरी ओर अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ को मंत्री बनाकर भाजपा ने आने वाले दिनों में पिछड़ा कार्ड खेलने का संकेत दे दिया है. इस हालत में कांग्रेस चेहरे में बदलाव के पहले सभी सामाजिक समीकरण को समझने की कोशिश कर रही है.
जलेश्वर महतो साबित हो सकते हैं तुरुप का पता
यहां याद दिला दें कि कांग्रेस के पास जलेश्वर महतो भी एक विकल्प है, फिलहाल वह झारखंड कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष है. दूसरा चेहरा मांडू का विधायक और विधान सभा चुनाव से पहले पाला बदल कांग्रेस में शामिल हुए जेपी भाई पेटल का भी है. यादव जाति से उसके पास उमाशंकर अकेला भी है. उमाशंकर अकेला के अंदर मंत्री नहीं बनाये जाने की टिस भी रही है. हालांकि इन तमाम नामों को फिलहाल रेस से बाहर बताया जा रहा है, लेकिन यह भूलना नहीं चाहिए कि कांग्रेस अपने अंदर एक बदलाव की शुरुआत करती नजर आ रही है, और यदि यह शुरुआत झारखंड से हो जाय, तो अप्रत्याशित नहीं होगा. इन तमाम नामों में जलेश्वर महतो तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं
