Jharkhand politics: आंतरिक सर्वे रिपोर्ट से भाजपा में हड़कंप!

रांची: जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, सियासी पार्टियों की ओर से अपने-अपने समीकरण को साधने की कवायद तेज हो चुकी है. सियासी अखाड़े में उतरने के पहले हथियारों पर धार दिया जा रहा है, मारक क्षमता की जांच की जा रही है, और यदि कहीं से भी थोड़ी- बहुत भी संदेह की गुजांईश बचती है, तो मौजूदा समीकरण और सियासी हालात के मद्देनजर नये हथियार की खोज की जा रही है. दरअसल यहां हथियार का मतलब किसी गोली-बारुद या अस्त्र-शस्त्र से नहीं होकर उन पहलवानों से है, जिन्हे विधान सभा चुनाव में अखाड़े में उतारा जाना है, जिनकी सफलता-असफलता पर ही पार्टियों की जीत और हार निर्भर करती है. इस बीच पाला बदल का खेल भी शुरु हो चुका है. कल ही पाकुड़ में आजसू को बड़ा सदमा लगा है, संताल की सियासत का उसका एक बड़ा चेहरा और पाकुड़ विधान सभा के पूर्व विधायक अकील अख्तर ने एक ही झटके में अलविदा करने का फरमान सुना दिया.
आजसू को झटका तो भाजपा की हालत भी ठीक नहीं
माना जा रहा है कि अकील अख्तर जल्द ही झामुमो की सवारी करने वाले है. लेकिन भाजपा की हालत भी कोई अच्छी नजर नहीं आ रही है. यह ठीक है कि चुनाव प्रभारी बनाये गये मामा शिवराज और असम के सीएम हिमंता विश्व सरमा लगातार झारखंड के दौरे पर हैं, पार्टी कार्यकर्ताओं- नेताओं को हौसला देने की कोशिश जारी है, आदिवासी नेताओं के घर-घर दस्तक देकर, पूरे इत्मीनान के साथ उनका दुख-दर्द सुनने की कवायद की जा रही है और इसके साथ ही मीडिया के सामने सामूहिक एकजुटता का परिचय देते हुए अपने बूते 55 सीट जीतने का दांवा भी ठोका जा रहा है, लेकिन जमीनी हालात इन दांवों पर मुहर लगाती दिखलायी नहीं पड़ती, इस बीच खबर यह है कि पार्टी की आंतरिक सर्वे से रणनीतिकारों की नींद उड़ी हुई है, जिसके अनुसार यदि आज चुनाव हुए तो 25 सीटों वाली भाजपा को 20 सीटों पर सिमटना पड़ सकता है.
55 सीटों पर जीत का दावा, लेकिन आंतरिक सर्वे में झटका
हालांकि अभी इस रिपोर्ट पर मीडिया के सामने कोई भी खुल कर बोलने को तैयार नहीं है, 55 सीटों पर जीत का दावा बदस्तूर जारी है, बावजूद इसके नये रणनीति और मुद्दों की खोज जारी है, इस बीच दिग्गज आदिवासी चेहरों को मैदान में उतारने के साथ ही उन पुराने नेताओं को एक फिर से आजमाने की तैयारी भी की जा रही है, जिन्हे पिछले 10 वर्षों में भूला दिया गया था. इसमें कई चेहरे तो अपनी अनदेखी के कारण झामुमो से लेकर कांग्रेस तक अपना जुगाड़ लगाते दिख रहे थें, लेकिन झामुमो -कांग्रेस के अंदर पहले से ही इतने दावेदार बैठे हैं कि तमाम कोशिश के बावजूद भी हरि झंडी नहीं मिली और आखिरकार मन-मारकर पार्टी का झंडा उठाये रखने का दावा किया जाता रहा.
आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद अगड़ी जातियों पर दांव
दरअसल खबर यह है कि इस आदिवासी सीटों से सफाये और आतंरिक सर्वे में 20 सीटों पर सिमटने की चेतावनी के बाद भाजपा के रणनीतिकारों को एक बार फिर से रविन्द्र राय, रविन्द्र पांडे, यदुनाथ पांडे जैसे पुराने नेताओं की याद आने लगी है. हालांकि लोकसभा चुनाव के वक्त रविन्द्र पांडेय के द्वारा कांग्रेसी में एंट्री की कोशिश की गयी थी, उनकी चाहत धनबाद से अखाड़े में उतरने की थी, लेकिन कांग्रेस ने किसी बाहरी चेहरे के बजाय बेरमो विधायक अनुप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह पर दांव लगाने का फैसला किया. रविन्द्र पांडेय को कांग्रेस मुख्यालय में भी देखा गया था, हालांकि जब कांग्रेस ने धनबाद से अनुपमा सिंह को टिकट देने का एलान कर दिया, उसके बाद रविन्द्र पांडेय ने एकबार फिर से पार्टी के प्रति अपनी अटूट आस्था का इजहार करने से भी नहीं चूके, ठीक यही हालत रविन्द्र राय और यदुनाथ पांडे को लेकर भी है, पिछले 10 वर्षों से इनकी भूमिका भी बेहद सीमित है, कहा जा सकता है कि ये तमाम चेहरे झारखंड की सियासत में गुमनामी का शिकार हो चुके थें, लेकिन अब जब भाजपा के सामने संकट गहराने लगा है तो पार्टी रणनीतिकारों को एक बार फिर से इन पुराने नेताओं की याद आने लगी है.
सियासी प्रयोग के दौर गुजर रही भाजपा को इन चेहरों में वापसी की उम्मीद
आपको बता दें कि रविन्द्र पांडेय गिरिडीह से पांच बार के सांसद है, लेकिन आजसू से समझौते के बाद भाजपा ने गिरिडीह सीट को आजसू को देने का फैसला किया और पिछले दो बार से आजसू के चन्द्रप्रकाश चौधरी जीत दर्ज कर रहे हैं. वहीं रविन्द्र राय कोडरमा के सांसद थें, लेकिन राजद से भाजपा में एंट्री के साथ ही यह सीट अन्नपूर्णा देवी को थमा दिया गया और वर्ष 2019 और 2024 दोनों ही बार अन्नपूर्णा देवी बड़े मार्जिन के साथ जीत दर्ज करने में सफल भी रही, जबकि यदुनाथ पांडे भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, हाल के दिनों में उनकी गतिविधियां भी सीमित रही है. दावा है कि दिग्गज आदिवासी चेहरा बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, अरुण उरांव, सुदर्शन भगत के साथ ही इस बार अगड़ी जातियों से आने वाले इन चेहरों को विधान सभा चुनाव में उतारा जायेगा. ताकि इनकी उपस्थिति का असर दूसरे विधान सभा में भी देखने को मिले, हालांकि देखना होगा कि भाजपा की यह रणनीति कितनी कारगार होती है, लेकिन झारखंड में सियासी प्रयोग से गुजर रही भाजपा को इन चेहरों में वापसी की उम्मीद तो नजर आ रही है.
