Jharkhand Politics: कांग्रेस विधायक दल के नेता का ताज! अगड़ों को साधने की कोशिश या आदिवासी दांव

रांची: टेंडर कैश कांड में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के इस्तीफे के बाद झारखंड कांग्रेस के अंदर सियासी सरगर्मी तेज है, इस सियासी सरगर्मी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रभारी गुलाम अमहद मीर का सीएम चंपाई के साथ मुलाकात से समझा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि इस मुलाकात की मूल वजह मंत्रिमंडल का विस्तार और संभावित चेहरे थें.
दो मंत्री पद रिक्त, सही समय पर नाराजगी दूर करने मिला था आश्वासन
ध्यान रहे कि आलमगीर आलम के इस्तीफे के बाद दो मंत्री पद रिक्त है. एक आलमगीर के इस्तीफे खाली मंत्री पद और दूसरा 12वां मंत्री पद. जिसे आज तक भरा नहीं गया, हालांकि लम्बे समय से कांग्रेस की नजर इस पर थी, कांग्रेस नेतृत्व के साथ ही कांग्रेस विधायकों की चाहत भी 12वें मंत्री पद के जरिये मंत्रिमंडल में शामिल होने की थी. पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद तो कांग्रेसी विधायकों के अंदर मंत्री बनने की होड़ लगी थी, 8 विधायकों ने तो दिल्ली में डेरा डाल दिया था. इनमें इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, अनुप सिंह, अम्बा प्रसाद, उमाशंकर अकेला के साथ ही दूसरे विधायक भी थें. लेकिन उस वक्त आलाकमान ने विधायकों से धैर्य रखने और सही समय पर नाराजगी दूर करने का आश्वासन दिया था.
बादल पत्रलेख पर लटकती तलवार
दरअसल विधायकों की नाराजगी इस बात को लेकर थी कि पूर्व सीएम हेमंत की गिरफ्तारी के बाद सीएम चंपाई सोरेन ने हेमंत सरकार में शामिल सभी मंत्रियों को एक बार फिर से मंत्री पद से नवाज दिया था. इस हालत में अब जबकि आलमगीर आलम का इस्तीफा हुआ है. विधायकों के अंदर एक बार फिर से मंत्री बनने की छटपटाहट तेज होती नजर आ रही है. लेकिन मुश्किल यह है कि दो में से एक मंत्री पद कल्पना सोरेन के हिस्से जाता दिख रहा है, इस हालत में बचे हुए एक मंत्री पद से नाराजगी दूर करना मुश्किल है. और यहीं से बादल पत्रलेख पर तलवार लटकती दिख रही है. वैसे भी जिस तरीके से मंत्री बादल पत्र लेख के विधान सभा से प्रदीप यादव और बन्ना गुप्ता के विधान सभा क्षेत्र से समीर मोहंती को पिछड़ना पड़ा. कांग्रेस आलकमान के कान खड़े हैं. हालांकि सूत्रों का दावा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की कोशिश अभी भी इन मंत्रियों को बचाने की है. लेकिन आलाकमान के सामने इन मंत्रियों के बचाव में वह कोई मजबूत तर्क नहीं दे पा रहे हैं. इस हालत में यदि बादलपत्र या बन्ना गुप्ता की छुट्टी होती है, या फिर कांग्रेस नेतृत्व दोनों को ही मंत्रिमंडल से बाहर करने का फैसला लेता है, तो इरफान अंसारी के साथ ही दीपिका पांडेय सिंह की किस्मत भी खुली सकती है. हालांकि अभी तक इरफान अंसारी का नाम फाइनल बताया जा रहा है.
दीपिका पांडेय सिंह के लिए एक और अवसर
लेकिन दीपिका पांडेय सिंह के लिए एक और अवसर बनता दिख रहा है, वह अवसर है, कांग्रेस विधायक दल के नेता का. हालांकि विधायक दल का नेता को लेकर भी कई नामों की चर्चा है, इसमें रामेश्वर उरांव का नाम काफी आगे बताया जा रहा है, दावा किया जा रहा है कि आलाकमान किसी आदिवासी चेहरे को विधायक दल का नेता बनाकर विधान सभा चुनाव के पहले एक मजबूत सियासी संदेश देना चाहती है. बावजूद इसके दीपिका पांडेय सिंह के लिए संभावनाओं का द्वारा बंद नहीं हुआ है. उसका कारण है कि लोकसभा चुनाव में सभी गैर आदिवासी बहुल सीटों पर कांग्रेस का सफाया. इस हालत में कांग्रेस नेतृत्व दीपिका पांडेय सिंह को आगे कर अगड़ी जातियों को साधने की कोशिश कर सकती है. वैसे भी आदिवासी समाज के बीच झामुमो का मजबूत जनाधार है, जिसका लाभ कांग्रेस को मिलता रहा है, लेकिन यदि इसके साथअगड़ी जातियों को जोड़ती है, तो झामुमो को भी इसका लाभ मिल सकता है.
पार्टी मिशन के साथ मजूबती के साथ खड़ी रही है दीपिका
दूसरी बात जो दीपिका पांडेय के पक्ष में जाती है, वह है बेदाग चेहरा और टिकट देकर वापस लिये जाने के बावजूद पार्टी के मिशन के साथ मजबूती से खड़ा रहने का जज्बा. दीपिका ने कोई असंतोष जाहिर नहीं किया, बल्कि पूरे उत्साह के साथ प्रदीप यादव के पक्ष में चुनावी प्रचार में जुटी रही, जिसका नतीजा रहा कि महागामा विधान सभा में प्रदीप यादव को बढ़त मिली, जबकि मंत्री रहते हुए भी बादल पत्रलेख अपने विधान सभा में प्रदीप यादव को बढ़त दिलवाने में नाकामयाब रहें और तो और प्रदीप यादव को ्अपने ही विधान सभा पोड़याहाट में निशिकांत दुबे के हाथों पिछड़ना पड़ा, इस हालत में दीपिका के पास इनाम पाने के कई कारण हैं. हालांकि वह इनाम मंत्री पद के रुप में मिलेगा या विधायक दल के नेता के बतौर, अभी इंतजार करना होगा.
