झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा: जयराम महतो की नई पार्टी और झारखंड की सियासत

रांची: झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति यानी जेबीकेएसएस के नाम से कुरमी बहुल इलाकों में लोकप्रिय और बीते लोकसभा चुनाव में लगभग एक दर्जन विधानसभा सीटों पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा चुकी झारखंड की नवीनतम पार्टियों में से एक अब अपने नए नाम से जानी जाएगी। झारखंड में नवंबर-दिसंबर में होने वाला आगामी विधानसभा चुनाव में जेबीकेएसएस झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नाम से नजर आएगा। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने यह घोषणा की है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग में नए नाम से पार्टी का रजिस्ट्रेशन हो गया है। चुनाव चिह्न जल्दी मिलने की भी संभावना है।

लोकसभा चुनाव में बतौर निर्दलीय थे मैदान में

बीते लोकसभा चुनाव में जेबीकेएसएस ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे जिसमें से कई सीटों पर अपनी उपस्थिति दमदार तरीके से भी रखी थी। रांची, कोडरमा, हजारीबाग एवं गिरिडीह समेत कुल 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार देकर जेबीकेएसएस ने प्रमुख राजनीतिक दलों कांग्रेस,भाजपा व झामुमो के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी थी क्योंकि इन आठ सीटों में से 6 में उसके उम्मीदावर तीसरे स्थान पर रहे थे। अध्यक्ष जयराम महतो गिरिडीह लोकसभा सीट पर एनडीए और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच हार-जीत का बड़ा फैक्टर साबित हुए। 3.47 लाख वोट हासिल कर चुनाव में तीसरे स्थान पर रहने वाले जयराम महतो की दमदार उपस्थिति ही थी कि झामुमो को एक बार फिर से यह सीट 80880 वोटों से गंवानी पड़ी। 

रांची लोकसभा सीट से जेबीकेएसएस के उम्मीदवार और छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने भी 1,32647 लाख वोट हासिल कर कांग्रेस को इस सीट पर जीत दर्ज करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया क्योंकि यहां भी हार-जीत का अंतर जेबीकेएसएस को मिले वोटों से कम यानी मात्र 1.20 लाख वोट ही रहा। एक अन्य लोकसभा सीट हजारीबाग में भी जेबीकेएसएस के उम्मीदवार संजय मेहता को 1.56 लाख वोट मिले, हालांकि यहां जीत का अंतर 2.75 लाख वोटों का रहा। इन तीन सीटों के अलावा धनबाद में जेबीकेएसएस के उम्मीदवार रहे अखलाक अंसारी को 79,653 वोट, सिंहभूम में दामोदर सिंह हांसदा को 44,292 वोट, कोडरमा में मनोज यादव को 28,612 वोट, दुमका में बेबी लता टुडू को 19,360 वोट एवं चतरा में दीपक गुप्ता को 12,565 वोट मिले यानी पूरे झारखंड में 8.22 लाख वोट मिले। 

विधानसभा सीटों पर मुकाबला दिलचस्प

बीते लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 14 सीटों में से भाजपा को 8,आजसू को 1, जेएमएम को 3 और कांग्रेस को 2 सीटें मिली. यदि इन परिणामों का विधानसभावार विश्लेषण किया जाए तो प्रदेश की 81 विधानसभा सीटों में 51 सीटों पर भाजपा आगे रही तो झामुमो 13 और कांग्रेस 15 सीटों पर अपनी बढ़त बनाने में कामयाब रही। इसके अलावा दो सीटें गोमिया और टुंडी सीटों पर जेबीकेएसएस ने अपनी बढ़त बनाई जिसने संकेत दे दिए हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव जेबीकेएमएस के मुकाबले किसी भी दल के लिए आसान नहीं रहने वाला है। 

जिन दो सीटों पर जेबीकेएसएस ने अपनी बढ़त बनाई वह कुर्मी बहुल इलाके माने जाते हैं और इसमें शामिल टुंडी सीट वही है जहां से वर्तमान जेएमएम विधायक और पूर्व मंत्री मथुरा महतो इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के रूप में गिरिडीह सीट पर चुनाव मैदान में थे और वहीं से जयराम महतो ने अपनी बढ़त बनाई। इसके अलावा गोमिया सीट पर भी जयराम महतो ने बढ़त बनाई। इस सीट पर आजसू पार्टी के लंबोदर महतो ने 2019 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी और यहां से पराजित जेएमएम उम्मीदवार पूर्व विधायक बबीता देवी हैं जिनके पति पूर्व विधायक योगेन्द्र महतो वर्तमान में झारखंड राज्य पिछड़ा आयोग के चेयरमैन हैं, बावजूद इसके इस सीट पर जयराम महतो की बढ़त बदलते राजनीतिक समीकरण के नए संकेत देती दिख रही है। 

इन विधानसभा सीटों पर रहेगी नजर 

बीते लोकसभा चुनाव परिणाम को यदि जेबीकेएसएस की नजर से देखा जाए तो इस नई पार्टी के लिए गिरिडीह,हजारीबाग,रांची, धनबाद, कोडरमा लोकसभा क्षेत्र की 20 सीटों समेत कुल 30 विधानसभा सीटों पर अपनी किस्मत आजमाने का पूरा मौका है। इनमें संथाल परगना और सिंहभूम के अलावा जमशेदपुर की भी कई सीटें शामिल है। यही कारण है कि पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन के लिए लोगों से आवेदन मांगना शुरू कर दिया है। बुधवार 8 अगस्त से शुरू हुई यह प्रक्रिया 13 अगस्त तक चलेगी।

जेबीकेएसएस की कोशिश सीटों और उम्मीदवारों के चयन में जातिगत समीकरणों के साथ साथ राजनीतिक समीकरणों को भी अपने पक्ष में करने की है यही कारण है कि बीते दिनों गोमिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का बड़ा चेहरा माने जाने वाले गुणानंद महतो ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर जेबीकेएसएस का दामन थाम लिया। ऐसे में दलबदल का यह सिलसिला आने वाले दिनों में और भी देखने को मिल सकता है, इससे इंकार नहीं किया जा सकता। 

भाषायी आंदोलन की कोख से शुरू होकर महज दो सालों में ही चुनावी राजनीति का रूख अखित्यार कर लेने वाले जेबीकेएसएस की अगली रणनीति झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा यानी जेएनकेएम के नाम से राजनीतिक पार्टी के रूप में अपने आपको भारत निर्वाचन आयोग में सूचीबद्ध कराकर उसे मान्यता दिलाने की रही ताकि चुनाव मैदान में एक निर्धारित चिह्न के जरिए उतरा जा सके। इस संबंध में निर्वाचन आयोग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी दिलीप कुमार वर्मा ने पत्र लिखकर जयराम महतो को यह जानकारी भी दी है।  

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More