झारखंड में स्टार्टअप को बढ़ावा देगी सरकार, चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स को सीएम हेमंत ने दिलाया भरोसा

रांची- “आजादी के बाद देश के नीति- निर्धारकों ने झारखंड में भविष्य की संभावना को समझा, एक साथ कई बड़े उद्योग स्थापित किये गयें. देश का पहला फर्टिलाइजर कारखाना, (पर्ल सिंदरी), उद्योग जगत की जननी ‘हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (एचईसी) चंद उदाहरण हैं. कोल इंडिया की सबसे अधिक गतिविधि झारखंड में ही है. लेकिन जैसे–जैसे समय गुजरा, कई उद्योग बंद हो गयें. इसके कारण बेरोजगारी बढ़ी. हमारी सरकार ऐसी बुनियाद डालना चाहती है, जिसका लाभ लोगों को पीढ़ी- दर- पीढ़ी मिलता रहे”
सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेगी सरकार
रांची विश्वविद्यालय परिसर के आर्यभट्ट सभागार में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित “सृजन” स्टार्टअप कॉन्क्लेव में अपनी बात रखते हुए सीएम हेमंत कहा कि झारखंड में जो भी उद्योग कार्यशील हैं और जो भी नए आने वाले हैं, सबके प्रति सरकार की सोच सकारात्मक है. राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश हो, अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हों, यही हमारी प्राथमिकता है. फेडरेशन आफ झारखंड चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि आप झारखंड की आर्थिक सामाजिक और भौगोलिक स्थिति से वाकिफ हैं, कई ऐसे उद्योग है जो वर्षों पुराने हैं, उद्यमियों की पीढ़ी- दर- पीढ़ी व्यवसाय कर रही है. ये सभी झारखंड के बदलते स्वरूप को देखते आ रहे हैं, वे यहां की आर्थिक- सामाजिक और भौगोलिक स्थितियों से वाकिफ हैं. वे जितनी अच्छी तरह इस राज्य को समझ सकते हैं, दूसरे नहीं समझ सकते हैं, ऐसे में आपके साथ मिलकर राज्य का सर्वांगीण विकास करना हमारा उद्देश्य है.
स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सरकार करेगी सहयोग
झारखंड सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी का जिक्र कहते हुए सीएम हेमंत ने इस बात को स्वीकार किया कि जिस रुप में स्टार्टअप को बढ़ावा मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिला, इस क्षेत्र में हम पीछे हैं. लेकिन, सरकार जल्द ही स्टार्टअप को मजबूती और बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाएगी. स्टार्टअप के जरिए युवा रोजगार से जुड़े और दूसरों को भी रोजगार दें, इसी सोच के साथ सरकार आगे बढ़ेगी.
