झारखंड: गैर आदिवासी-कुर्मी पॉलिटिक्स को धार दे “कमल” खिलाने का प्रयोग!

रांची: चार जून जब पूरे देश में मतपेटियों से जनता आदेश बाहर निकल रहा था, झारखंड की सियासत का वह डेड लाईन है, जहां से भाजपा एक विपरीत धारा की ओर बढ़ती दिखलायी देती है. चार जून के पहले की भाजपा और चार जून के बाद की भाजपा की प्राथमिकताएं बिल्कुल जुदा दिशा में आगे बढ़ती नजर आती है. चार जून तक भाजपा की कोशिश 26 फीसदी आदिवासी और करीबन 17 फीसदी कुर्मी जाति को अपने साथ खड़ा करने की थी. लेकिन जैसे ही मतपटियों से जनता का आदेश सामना आया, और आदिवासी आरक्षित सभी पांच सीटों से उसका सफाया हुआ. झारखंड की सियासत में भाजपा नयी सियासी बिसात बिछाने को मजबूर होती नजर आयी.

पीएम मोदी का बिरसा मुंडा की जन्म स्थली का दौरा भी नहीं आया काम

दरअसल चार जून के नतीजे से साफ हो गया कि पीएम मोदी का बिरसा मुंडा के जन्मस्थली का दौरा और जनजातीय दिवस के हुंकार के बावजूद झारखंड का आदिवासी समाज भाजपा की नीतियों के साथ आगे बढ़ने को तैयार नहीं है. अभी भी वह बिरसा मुंडा, सिन्दो-कान्हू और जबरा पहाड़िया के सपनों में जीता है, अडाणी-अंबानी की वह फैक्ट्रियां, जिसे भाजपा विकसित भारत का रास्ता बतलाती है, जिसके बूते विकास का दंभ भरती है, आदिवासी समाज को भाजपा के उसी  विकास में जल जंगल और जमीन छीनने का षडयंत्र नजर आता है. आदिवासी समाज इन सारे उद्यमों को अपने जल जंगल और जमीन के साथ जोड़ कर देखता है. उसके लिए आज भी उसका जल जंगल और जमीन स्वाभिमान और अस्मिता का प्रश्न है, जिसे वह किसी भी कीमत पर हाथ लगाने नहीं दे सकता. साथ ही भ्रष्टाचार की जिस कथित कहानियों के साथ पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को काल कोठरी में कैद किया गया. आदिवासी समाज के बड़े हिस्से को यह भी स्वीकार नहीं था.

टाईगर जयराम की सुनामी

दूसरी ओर झारखंड की सियासत में जिस तरीके से टाईगर जयराम की सुनामी आई, भाजपा के अंदर आजसू को लेकर भी धारणा बदलने लगी, यह विश्वास गहराने लगा कि जिस आजसू के आसरे वह कुर्मी वोटरों को अपने पाले में खड़ा करती थी, अब कुर्मी वोटरों पर आजसू का वह जादू खत्म रहा है, और अब आगे की कुर्मी राजनीति जयराम के चेहरे के इर्द -गिर्द घूमना तय है. इस हालत में आजसू को साथ रखने का कोई खास लाभ नहीं, वैसे भी जिन कुर्मी वोटरों को हिन्दुत्व में आस्था है, जिनके लिए अपनी हिस्सेदारी और भागीदारी से बड़ा सवाल धार्मिक आस्था का “सरकारी उत्सव” में है. वह भाजपा का साथ ही खड़ा होगा, भले ही वह एक बेहद छोटा सा हिस्सा ही क्यों नहीं हो, लेकिन आजसू का साथ थामने का अब कोई विशेष सियासी लाभ नहीं, आने वाले दिनों में आजसू को खुद जयराम के हाथों अपना अस्तित्व बचाने की चुनौती खड़ी होगी. उस हालत में एक कमजोर आजसू के पास भाजपा को छोड़ कर जाने का विकल्प भी नहीं होगा?

चन्द्रप्रकाश चौधरी, विद्यूत वरण महतो को किनारा कर संजय सेठ पर दांव लगाने की वजह

दरअसल चन्द्रप्रकाश चौधरी, विद्यूत वरण महतो जैसे कुर्मी चेहरे और अर्जुन मुंडा जैसे आदिवासी चेहरे को किनारा करते हुए संजय सेठ पर दांव लगाना कोई सामान्य घटना नहीं है. यह भाजपा की सोची समझी रणनीति का हिस्सा है, और इसके गंभीर सियासी संदेश है. एक तरफ जहां जयराम और झामुमो की रणनीति आदिवासी मूलवासी सियासत के धार देने की है, वहीं भाजपा बेहद चालाकी से पंजाब मूल के संजय सेठ पर दांव खेल कर तमाम गैर झारखंडी प्रवासियों को अपने पाले में लाने का उपक्रम कर रही है. ताकि प्रवासी झारखंडियो की गोलबंदी उसके पक्ष में तेज हो. और इसी रणनीति के साथ वह आदिवासी अस्मिता और कुर्मी पहचान के लिए प्रसिद्ध झारखंड में एक नया सियासी प्रयोग की ओर कर रही है, जहां अब आदिवासी समुदाय का जिक्र तो होगा, लेकिन अब वह प्राथमिकता में नहीं होगा, चर्चा कुर्मी की भी होगी, लेकिन प्रतिनिधित्व देने से बचा जायेगा, इसके बदले में गैर कुर्मी पिछड़ी जातियों और गैर आदिवासियों को विशेष तरजीह देकर एक सियासी जमीन तैयार की जायेगी, अगड़ी जातियां तो पहले ही उसके साथ है. बहुत हुआ तो निशिकांत दुबे को समाहित करते हुए अगड़ी जातियों को सियासी हिस्सेदारी का संदेश दिया जायेगा.

यूपी बिहार में गैर यादव तो हरियाणा में गैर जाट पॉलिटिक्स का प्रयोग कर चुकी है भाजपा

ध्यान रहे कि भाजपा के लिए यह कोई नया प्रयोग नहीं है, इसके पहले भी बिहार यूपी में गैर यादव जातियां, तो हरियाणा मे गैर जाट का प्रयोग कर चुकी है, और इसका उसे लाभ भी मिला, अब वह उसी प्रयोग को झारखंड में दुहराना चाहती है, अंतर सिर्फ इतना होगा कि यूपी-बिहार में भाजपा के निशाने पर यादव जाति होती है, तो झारखंड में निशाने पर आदिवासी और कुर्मी समुदाय होगा, गैर कुर्मी और गैर आदिवासी जातियों में इनका भय दिखलाया जायेगा, यह बताने की कोशिश की जायेगी कि सत्ता की मलाई सिर्फ यही जातियां खा रही है, जबकि भाजपा की कोशिश दूसरी पिछड़ी जातियों को उनकी हिस्सेदारी देने की है.

वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाल का आकलन

भाजपा में आये इस बदलाव पर टिप्पणी करते हुए वरिष्ठ पत्रकार और झारखंड मामले के जानकार सुधीर पाल कहते हैं कि “भाजपा ने आदिवासी समुदाय को साधने के सारे प्रयोग कर डाले, बावजूद इसके वह आदिवासी समाज का दिल जीतने में नाकामयाब रही, दूसरी ओर जयराम के सियासी अवतरण के बाद आजसू का कुर्मी वोटरों पर पकड़ ढीला पड़ता दिख रहा है. इस हालत में भाजपा गैर कुर्मी पिछड़ी जातियां और वैश्य पर दांव लगाना चाहती है. अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ की ताजपोशी इसी रणनीति का एक बेहद छोटा सा हिस्सा है. बहुत संभव है कि विधान सभा चुनाव के पहले भाजपा अपने चेहरे में भी बदलाव भी करे और एक बार फिर से पूरी कमान रघुवर दास के हाथ में सौंप कर गैर कुर्मी गैर आदिवासी राजनीति पर अपना दांव आजमाए”

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More