झारखंड की सियासत में सरयू राय का जुगाड़ टेक्नोलॉजी! निशाने पर रघुवर दास

रांची: राजनीति की चालें में उस जलेबी की तरह होती हैं, जिसका एक सिरा पकड़ो तो दूसरा गायब नजर आता है. झारखंड की सियासत में भी इन दिनों कुछ -कुछ यही देखने को मिल रहा है. कभी पुराने सखा नीतीश से मुलाकात, तो कभी सीएम हेमंत से बंद कमरे में मुलाकात के साथ सरयू राय सियासी सुर्खियों में हैं. चंद दिन पहले तक उनकी भारतीय जन मोर्चा का झामुमो में विलय की खबर आ रही थी, लेकिन अब इसकी संभावना को खारिज करते हुए खुद सरयू ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि “पटना मुख्यमंत्री निवास में @NitishKumar के साथ भेंट हुई. झारखंड विधानसभा के आगामी चुनाव में हमारी संभावित भूमिका के बारे में संक्षिप्त परंतु फलदायक चर्चा हुई. साथ में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति बनी. शेष चुनावी औपचारिकताओं पर जद(यु) नेतृत्व शीघ्र निर्णय लेगा” इसके बाद माना जा रहा है कि भारतीय जन मोर्चा का जदयू में विलय होगा, और सरयू राय पूर्वी जमशेदपुर सीट से जदयू के उम्मीदवार होंगे.

 

. 

पूर्वी जमशेदपुर से रघुवर दास के पतोह को लॉंच करने की तैयारी में भाजपा

आपको बता दें कि यह वही सीट है, जहां से पूर्व सीएम और फिलहाल ओडिशा के राज्यपाल की भूमिका में सक्रिय राजनीति से दूर खड़े रघुवर दास की पतोह को कमल चुनाव चिह्न पर लॉंच करने की चर्चा है. इस हालत में भाजपा जदयू समझौते की हालत में भी यह सीट जदयू के हिस्से आयेगी या नहीं, अभी इस पर संशय के बादल है. सरयू राय और रघुवर दास की अदावत भी पुरानी है.

 


अभी दो दिन पहले ही  सरयू ने अपने एक पोस्ट में जमशेदपुर की उलझी सियासत पर प्रकाश डालते हुए लिखा  था कि “क्या जमशेदपुर भाजपा के @dasraghubar गुट और कांग्रेस के @BannaGupta76 गुट में हर मौक़े पर एक दूसरे की पीठ सहलाने के रहस्य से @yourBabulal और @HemantSorenJMM तथा @BJP4Jharkhand और @INCJharkhand अवगत हैं? शहर को अशांत और प्रशासन पर दबाव बनाने में इस नापाक गठबंधन की अहम भूमिका है”  साफ है कि सरयू राय सिर्फ रघुवर दास को ही निशाने पर नहीं ले रहे हैं, निशाने पर बन्ना गुप्ता भी है. और इसका कारण बिल्कुल साफ है.

जमशेदपुर की सियासत में चौराहे सरयू राय

दरअसल जमशेदपुर की सियासत में सरयू राय चौराहे पर खड़े हैं, भाजपा आज भी पहली पसंद है, लेकिन मुश्किल यह है कि भाजपा के अंदर रघुवर दास की ताकत और प्रभाव के आगे सरयू राय बौना साबित हो रहे हैं. रघुवर दास जिस साहू जाति से आते हैं, उसे भाजपा का कोर वोटर माना जाता है, झारखंड में अच्छी खासी आबादी भी है. भाजपा किसी भी कीमत पर रघुवर दास को छेड़ कर इस वोट बैंक से हाथ धोना नहीं चाहेगी. दूसरी ओर सरयू राय के सियासी  अस्तित्व के लिए पहली शर्त है कि जमशेदपुर की सियासत से रघुवर दास का पतन हो.

 रघुवर दास के समकक्ष कांग्रेस के पास बन्ना गुप्ता एक वैश्य चेहरा

दूसरी ओर पश्चिमी जमशेदपुर सीट से स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता विधायक है. अब बन्ना गुप्ता के कारण कांग्रेस को साहू समाज को कितना वोट मिलता है, यह तो कांग्रेस रणनीतिकार ही बेहतर बता सकते हैं. लेकिन जमशेदपुर की सियासत में रघुवर दास और बन्ना गुप्ता की जमती खूब है. हर सुख -दूख की घड़ी में दोनों एक दूसरे का हाथ  थामे नजर आते हैं और यही सरयू राय की सियासी चुफन है. लोकसभा चुनाव के वक्त सरयू राय ने कांग्रेस के साथ गलबहिंया करने की भरपूर कोशिश की थी, लेकिन कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि बन्ना गुप्ता के चेहरे के रुप में जमशेदपुर की सियासत में कांग्रेस के पास रघुवर दास के समकक्ष के वैश्य चेहरा है. जबकि सरयू राय के पास अगड़ी जातियों के सिवा कोई अपना वोट नजर नहीं आता. यह ठीक है कि 2019 के विधान सभा चुनाव में रघुवर दास को मात देने में सफलता प्राप्त हुई, बावजूद  इसके वैश्य जाति एकजूटता के साथ रघुवर दास के साथ खड़ी रही. कांग्रेस की ओर से भी कोई मजबूत पहलवान को अखाड़े में नहीं उतारा गया था, जिस गौरव बल्लभ पंत को पंजा थमाया गया था, जमीनी पकड़ नदारद थी, वह सिर्फ कागजी शेर थें.  दूसरी तरफ गौरव बल्लभ पंत को मैदान में उतारने के बावजूद हेमंत सोरेन खुल कर सरयू राय के पक्ष में बयान देते रहें, जिसके कारण भी झामुमो के वोटरों ने कांग्रेस के बजाय सरयू राय के साथ जाना स्वीकार किया. इसके साथ ही रघुवर दास के खिलाफ उस वक्त आदिवासी-मूलवासी वोटरों जो गुस्सा और नाराजगी थी और सरयू राय को इसका भी लाभ मिला. जिस आक्रमता के साथ वह रघुवर दास को निशाने पर ले रहे थें, उस तुलना में गौरव बल्लभ पंत कहीं खड़े नहीं थें, साफ शब्दों में कहा जाय तो गौरव बल्लभ पंत जमशेदपुर की सियासत में एक नये खिलाड़ी थे, जबकि अपने सीमित जनाधार के बावजूद सरयू राय की जमशेदपुर की सियासत में मजबूत पकड़ है. 

विधान सभा पहुंचने  का जुगाड़ 

लेकिन सियासत में हर बार एक ही दांव नहीं चलता, सरयू राय को भी पता है कि यदि पूर्वी या पश्चिमी जिस भी सीट से भी वापस विधान सभा वापस  पहुंचना है, तो भाजपा के कोर वोटरों के साथ की जरुरत होगी. लेकिन भाजपा में रघुवर दास को जो प्रभाव है, दिल्ली दरबार तक जो धमक है, और जिस तरीके से बाबूलाल के नेतृत्व में आदिवासी बहुल सभी सीटों से सफाया हुआ है, उसके बाद भाजपा रघुवर दास को नाराज करने को जोखिम नहीं ले सकती, और बगैर रघुवर के हरि झंडी को सरयू राय का भाजपा  में वापसी मुमकिन नहीं है, दूसरी तरफ कांग्रेस अपने साथ सरयू राय को वापस लाकर बन्ना गुप्ता के सामने कोई संकट पैदा नहीं करना चाहती, जहां तक झामुमो की बात तो कांग्रेस के साथ उसका गठबंधन है, इस हालत में पश्चिमी जमशेदुपर की सीट पर किसी पुनर्विचार का कोई सवाल ही नहीं है. रही बात पूर्वी जमशेदपुर की सीट कि तो बहुत संभव है कि यदि सरयू राय जदयू के टिकट पर मैदान में आते हैं तो हेमंत सोरेन का रुख नरम ही हो.  

जदयू के साथ भारतीय जन मोर्चा का विलय के पीछे की रणनीति

इस सियासी संकट के बीच सरयू राय ने जदयू के साथ अपनी पार्टी का  विलय करने का फैसला किया, सरयू राय फिलवक्त विधायक है और भाजपा के साथ गठबंधन की स्थिति में निर्वतमान विधायक की सीट पर जदयू अपना दावा ठोकेगी, और तब यदि यह सीट जदयू के हिस्से में आती है, तो वैश्य जाति के बीच यह संदेश जायेगा कि यह गठबंधन की मजबूरी है, सियासी विवशता है और रघुवर दास को किनारा करने की कोशिश कतई नहीं है, और फिर आज के वे भाजपा कार्यकर्ता जिसे रघुवर दास ने सींचा है, एक ही झटके में सरयू के साथ खड़ा नजर आयेगें, हालांकि उस हालत में रघुवर दास की आंतरिक सियासत क्या होगी, वह भी देखने वाली बात होगी, लेकिन फिलहाल सरयू राय इस दांव के सहारे में एक बार फिर से विधान सभा का दरवाजा खुलता नजर आ रहा है, और इसके साथ ही भाया जदयू ही सही जमशेदपुर सीट पर एक बार फिर से कमल खिलने की गुंजाईश भी बनती नजर आ रही है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More