होली-दिवाली एक साथ, हेमंत सोरेन की रिहाई पर झारखंड में जश्न, कार्यकर्ताओं ने उड़ाया गुलाल

रांची: पूर्व सीएम हेमंत को जमानत मिलने की खबर के बाद पूरे झारखंड से जश्न की तस्वीरें सामने आने की शुरुआत हो चुकी है. महागठबंधन के कार्यकर्ता और नेता इसे असत्य पर सत्य का विजय बता रहे हैं, और इस विजय के उपलक्ष्य में होली दिवाली एक साथ मनाते दिख रहे हैं. इस जश्न की पहली तस्वीर महागामा से आयी है, जहां दीपिका पांडेय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर गुलाल लगाती नजर आयी. ठीक यही स्थिति दूसरे क्षेत्रों की भी है, संताल से लेकर कोल्हान हर तरफ जश्न का माहौल है.
आज ये साबित हो गया है कि जीत हमेशा सत्य की होती है। झारखंड उच्च न्यायालय का बहुत बहुत धन्यवाद आज के इस फ़ैसले का पूरा झारखंड दिल से स्वागत कर रहा है।
पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। महागामा में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर एक दूसरे को गुलाल लगाकर इस फ़ैसले का स्वागत… pic.twitter.com/AXIXuJnYf9
— Dipika Pandey Singh (@DipikaPS) June 28, 2024
भुंइहरी मामले में झारखंड हाईकोर्ट से जमानत
आपको बता दें कि पूर्व सीएम हेमंत को झारखंड हाईकोर्ट ने भुंइहरी मामले में जमानत प्रदान कर दिया और इसके साथ ही सोशल मीडिया पर ‘शेर की वापसी’ जैसे दावों की भरमार हो गयी है. झामुमो ने अपने चिरपरिचित अंदाज में इस बात का दावा किया है “सत्य कभी भी परास्त नहीं हो सकता, आज माननीय उच्च न्यायालय ने एक आदिवासी शेर दिल पूर्व मुख्यमंत्री को जमानत दे दी, जेल का ताला टूट गया, हेमंत सोरेन छूट गया. तो इसके साथ ही हेमंत सोरेन की एक बार फिर से ताजपोशी के दावे भी सामने आने लगे है. जबकि दूसरी ओर झामुमो को पहले ही इस बात का दावा कर चुकी कि हेमंत सोरेन की रिहाई से चंपाई सोरेन की कुर्सी पर कोई खतरा नहीं मंडराने वाला. विधान सभा चुनाव तक सूबे की कमान चंपाई सोरेन के हाथ ही में ही रहेगी, हेमंत सोरेन झारखंड में इंडिया गठबंधन का चेहरा होंगे
हेमंत सोरेन की उपस्थिति में मंत्रिमंडल विस्तार
दरअसल कभी कल्पना सोरेन की ताजपोशी तो कभी हेमंत की वापसी का दावा कर भाजपा की कोशिश चंपाई सोरेन के साख पर सवाल खडा करने की है. लेकिन इससे उलट झामुमो की रणनीति चंपाई सोरेन को अपना सबसे अनुभवी नेता के तौर पर प्रस्तूत करते हुए विधान सभा चुनाव तक सूबे के मुखिया के पद पर बैठाये रखने की है. झामुमो को रणनीतिकारों को इस बात का एहसास हो चुका था कि इस हफ्ते किसी भी वक्त हेमंत की रिहाई हो सकती है, और शायद मंत्रिमंडल विस्तार में देरी के पीछे भी एक वजह यही थी, और अब जब हेमंत सोरेन की वापसी हो गयी है, तो चंद दिनों में हेमंत सोरेन की उपस्थिति में मंत्रिमंडल को विस्तार दिया जा सकता है.
विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा की उम्मीदों को बड़ा झटका
निश्चित रुप से विधान सभा चुनाव के पहले हेमंत सोरेन को जमानत मिलना, भाजपा की उम्मीदों पर एक बड़ा झटका है. क्योंकि विधान सभा चुनाव में भले ही भाजपा को आदिवासी बहुल सभी सीटों से सफाया का सामना करना पड़ा हो, लेकिन गैर आदिवासी बहुल सीटों पर वह कमल खिलाने से कामयाब रही थी, इसका एक बड़ा कारण कांग्रेस के द्वारा प्रत्याशी चयन में की गयी भूल थी, और इसके साथ ही कल्पना सोरेन एक बड़ा चेहरा बन कर जरुर सामने आयी, लेकिन हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में बूथ मैनेंजमेंट उस स्तर का नहीं हुआ, जो हेमंत सोरेन के नेतृत्व में होता था. कई बार तो कांग्रेस और दूसरे घटक दलों की मनमर्जी भी देखी गयी, लेकिन अब हेमंत सोरेन सामने होंगे, भाजपा के एक एक कदम और रणनीति पर उनकी नजर होगी, कांग्रेस और दूसरे घटक दलों के लिए अपनी मनमर्जी करना आसान नहीं होगा. और कल तो जो भाजपा एक हेमंत से टकराती रहती थी, विधान सभा चुनाव में उसके सामने कल्पना से टकराने की चुनौती भी होगी. और सबसे बड़ी बात जिस भ्रष्टाचार के नैरेटिव को वह गढ़ने की कोशिश कर रही थी, इस जमानत के साथ ही उसकी वह नैरेटिव भी कमजोर पड़ती दिखलायी देगी. इस हालत में गैर आदिवासी सीटों पर भी भाजपा को बेहद मुश्किल चुनौती का सामना करना पड़ा सकता है.
