जमशेदपुर में झामुमो की हार का गुनाहगार कौन! समीर मोहंती ने किया बड़ा खुलासा

रांची: जमशेदपुर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदार विद्यूत वरण महतो के हाथों करीबन 2.5 लाख वोट से सियासी शिकस्त का सामने करने वाले झामुमो उम्मीदवार समीर मोहंती ने अपनी हार का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ा है. समीर मोहंती का दावा है कि पूर्वी जमशदपुर के तमाम बूथों पर मैनेजमेंट की जिम्मेवारी कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे को सौंपी गयी थी. आनन्द बिहारी को प्रति बूथ छह हजार रुपया का भुगतान भी किया गया था, लेकिन अधिकांश बूथों तक यह पैसा नहीं पहुंचा, बूथ पर ना तो बूथ कमेटी नजर आयी और ना ही बूथ एजेंट, जिन बूथों तक पैसा पहुंचा भी वह महज चार हजार रुपये था, बाकि का दो हजार कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनन्द बिहारी ने अपने पास रख लिया. हमें तो आशा थी कि गठबंधन धर्म का पालन करते हुए आनन्द बिहारी झामुमो कार्यकर्ताओं का भी ख्याय रखेंगे, लेकिन हालत यह हो गयी कि हमें झामुमो कार्यकर्ताओं के लिए अलग से पैसे की व्यवस्था करनी पड़ी. एक राष्ट्रीय पार्टी के जिलाध्यक्ष की यह हरकत पार्टी को कलंकित करने वाली है. चुनाव में हार-जीत एक सामान्य घटना है. लेकिन आनन्द बिहारी ने जिस तरीके की ओझी हरकत की है, उसके कारण जमशेदपुर में हमें मात खाना पड़ा.
हेमंत सोरेन को पत्र लिख किया सनसनीखेज दावा
समीर मोहंती ने इस पूरे वाकये की जानकारी पूर्व सीएम हेमंत को एक पत्र के माध्यम से दिया है, साथ ही इसकी एक प्रति मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो नेता विनोद पांडेय को भी दिया है.
भाजपा का तंज, कांग्रेस और झामुमो की पहचान घोटाला
आनन्द बिहारी के मामले में कांग्रेस क्या कार्रवाई करती है, लेकिन इस पत्र को सामने आने के बाद भाजपा को एक मसाला मिल गया है. नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने भ्रष्टाचार के सवाल पर कांग्रेस और झामुमो घेरते हुए कहा कि “घोटाला कांग्रेस और झामू मोर्चा की पहचान बन गई है। अब तो हद हो गई है कि ये दल एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। अब देखना है कि कौन बड़ा भ्रष्टाचारी साबित होता है और कौन छोटा!” हालांकि आनन्द बिहारी ने अपने उपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि हतप्रभ हूं.,कोई प्रत्याशी ऐसा आरोप कैसे लगा सकता है? मुझ पर लगाये सभी आरोप निराधार हैं.जरूरत पड़ने पर अपनी बात उचित प्लेटफार्म पर रखूंगा.
