जमशेदपुर पूर्वी से कांग्रेस में दावेदारों की फौज! 39 वर्षों का सूखा खत्म या अभी होगा इंतजार

रांची: वर्ष 1967 में अस्तित्व में आया पूर्वी जमशेदपुर को भाजपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है. 1967 से अब तक हुए 13 मुकाबले में कांग्रेस को महज दो बार सफलता मिली है, 1967 में पहली बार एम.जे. अखौरी ने इस सीट को कांग्रेस की झोली में डाला था, इसके बाद 18 वर्ष के लम्बे इंतजार के बाद 1985 में दूसरी सफलता तब मिली. जब दारिउस नरीमन ने एक बार फिर से कांग्रेस का परचम लहराया. 1985 के बाद 39 वर्ष का लम्बा फासला तय हो चुका है. इस बीच ना जाने कितनी पीढ़ी बदल गयी, चार दशक लम्बा फासला हो गया, बावजूद इसके आज भी कांग्रेस को अपनी तीसरी जीत का इंतजार है.

जमशेदपुर पूर्वी में सात बार खिल चुका कमल
हालांकि 1969 और 1972 में भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी को भी सफलता हाथ लग चुकी है. दोनों ही बार केदार दास ने लाल परचम लहराने में सफलता प्राप्त की. जहां तक भाजपा की बात है तो उसे इस सीट पर अब तक कुल सात बार सफलता हाथ लगी है, पहली सफलता 1980 में दीनानाथ पांडेय ने दिलवायी थी. हालांकि इसके पहले दीनानाथ पांडेय जनता पार्टी के टिकट पर भी वर्ष 1977 में जीत दर्ज कर चुके थें. 1990 में दीननाथ पांडेय ने एक बार फिर से इस सीट को भाजपा के नाम कर दिया. 1985 में पूर्वी जमशेदपुर की कमान रघुवर दास के हाथ में आयी, और वह 1995,2000,2005,2009 और 2014 में लगातार जीत दर्ज करते रहे, लेकिन 2019 के मुकाबले में सीएम की कुर्सी पर रहते हुए अपने ही कैबिनेट मंत्री सरयू राय के हाथों भारी हार का सामना करना पड़ा.
सरयू राय के सामने कांग्रेस का चेहरा कौन?
इस बार एक बार फिर से सरयू राय अखाड़े में कूदने का एलान कर चुके है, लेकिन इस बार वह निर्दलीय उम्मीदवार नहीं होकर जदयू के झंडा तले में मैदान में होंगे. और यदि ऐसा होता है तो यह पूर्व सीएम रघुवर दास के लिए भाजपा की ओर से अब तक का सबसे बड़ा झटका होगा, वर्ष 2019 की हार के बाद पहले तो उन्हे गर्वनर के रुप से ताजपोशी कर सक्रिय राजनीति से दूर करने का रास्ता अपनाया गया और अब उनका सियासी किला ही जदयू को भेंट करने की कवायद होगी, इस हालत में आने वाले दिनों में रघुवर दास की रणनीति क्या होगी, यह देखना दिलचस्प होगा, खबर यह भी है कि इस बार रघुवर दास की मंशा इस सीट से अपनी पतोह पूर्णिमा ललित दास को मोर्चे पर तैनात करने की है, पूर्णिमा ललित दास फिलहाल भाजपा की सदस्य नहीं है, इस हालत में पूर्णिमा के सामने निर्दलीय अखाड़े में कूदने का भी विकल्प खुला है और यदि ऐसा होता है तो यह सरयू राय के लिए झटका होगा. जिस मंशा के साथ उन्होंने ने जदयू की सवारी की है, यह उनके सपनों पर कुठाराघात होगा.
फिर से फुस्स चेहरे पर दांव या नये सियासी घोड़े की तलाश
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस की रणनीति क्या होगी? अब तक जिस भी चेहरे के सहारे उसने इस सीट को वापस पाने की कोशिश की है, वह तमाम चेहरे फुस्स साबित हुए है. केपी सिंह (2000), रामाश्रय प्रसाद सिंह (2005), आनन्द बिहारी दुबे (2009 और 2014) और गौरव बल्लभ (2019) सारे चेहरे नाकाम साबित हुए. इसमें से एक भी चेहरा भाजपा के सामने मजबूती के साथ खड़ा नहीं हो सका. वर्ष 2019 में गौरव बल्लभ को 18967 के साथ तीसरे स्थान पर रहें, वहीं आनन्द बिहारी दुबे को वर्ष 2009 में 10,944 और 2014 में 33,320 वोट मिला. रघुवर दास के मिले वोटों का आधा हिस्सा भी ये प्राप्त नहीं कर सकें.
कांग्रेस से एक दर्जन चेहरे ठोंक रहे ताल
इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि इस बार कांग्रेस का चेहरा कौन होगा? हालांकि जीत की संभावना बेहद कम होने के बावजूद कांग्रेस के अंदर दावेदारों की कमी नहीं है. आज भी करीबन एक दर्जन चेहरे ताल ठोंकने की तैयारी में है. टिकट के लिए होड़ लगी हुई है, लेकिन बड़ा सवाल फिर से वही है, क्या ये चेहरे कांग्रेस का 39 वर्षों का सूखा खत्म करने की स्थिति में है, या फिर कांग्रेस के टिकट को सियासत में लौंचिंग पैड के रुप में इस्तेमाल करना चाहते हैं.
पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार हो सकते हैं कांग्रेस का खेवनहार

दावेदारी की इस लिस्ट में एक बड़ा चेहरा पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार का है. डॉ अजय जमशेदपुर सीट से वर्ष 2011 में झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर संसद पहुंच चुके है, उसके बाद इन्होंने कई पार्टियों का सफर किया, फिलहाल कांग्रेस का झंडा थामे हुए है. आइपीएस के रुप में जमशेदपुर में इनकी तैनाती भी रही है, उस दौरान जमशेदपुर में क्राइम कंट्रोल के लिए इनकी काफी प्रशंसा भी की जाती है, हालांकि बाद के दिनों में आइपीएस की नौकरी छोड़ कर टाटा मोटर्स को ज्वाइन किया और उसके बाद फिर सियासी डगर पर चल पड़े, फिलहाल सियासी ठिकाने की खोज में हैं.
मजूदर यूनियन के अनुभव के सहारे चुनावी अखाड़े में दांव
एक दूसरा चेहरा रघुनाथ पांडेय का है. मजदूर युनियन की राजनीति करते रहे रघुनाथ पांडेय फिलहाल इंटक के राष्ट्रीय सचिव हैं. दो-दो बार टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष भी रहे हैं. हाल के दिनों में जमशेदपुर पूर्वी में इनकी सक्रियता बढ़ी नजर आ रही है. बढ़ती उम्र के बावजूद इसके सियासी चाहत जिन्दा है. तीसरा नाम रामाश्रय प्रसाद का है. दावा किया जाता है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल से व्यक्तिव से प्रभावित होकर राजनीति में प्रवेश किया था. रघुवर दास के खिलाफ भी ताल ठोक चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली. उम्र की सीमा एक बड़ी बाधा है, बावजूद इसके सियासी हसरत जिंदा है. चौथा नाम अशोक चौधरी का है. 77 के जेपी मूवमेंट से सियासत में सक्रिय हैं. वर्तमान में एआइसीसी मेंबर है, लेकिन चुनावी अखाड़े में दांव पेंच का अभाव है. हालांकि इन्हे काफी व्यवहार कुशल और गुटबाजी की राजनीति से दूर माना जाता है.
नौ वर्षों तक कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय खां

इसके साथ ही एक नाम विजय खां का भी है. मौजूदा समय में इंटक में राष्ट्रीय सचिव की भूमिका का निर्वाह कर रहे विजय खां करीबन नौ वर्षों तक कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं. लेकिन इनके पास भी चुनावी अखाड़े का कोई जमीनी अनुभव नहीं है. हालांकि इस बार ताल ठोंकने की तैयारी में है, पार्टी पदाधिकारियों को अपनी इस चाहत से अवगत भी करा चुके हैं.
पुराने योद्धा आनन्द बिहारी दूबे फिर से ताल ठोंकने की तैयारी में
इसके साथ ही एक वर्ष 2009 और 2014 के चुनावी अखाड़े में अपनी किस्मत आजमा चुके आनन्द बिहारी दूबे का भी है. आनन्द बिहारी दुबे को वर्ष 2009 में 10,944 और 2014 में कुल 33,320 वोट मिला था. बावजूद इसके, एक बार फिर से ताल ठोंकने की तैयारी में हैं. रघुवर दास की गैर हाजरी में इन्हे अपनी सफलता सामने खड़ी दिख रही है.

इसके साथ ही कई दूसरे चेहरे भी इस लाईन में हैं. लेकिन बड़ा सवाल फिर वही है कि एक तरफ जहां सरयू राय के साथ सुशासन बाबू का चेहरा होगा, दूसरी तरफ भाजपा का साथ होगा और इस सबके बीच यदि पूर्णिमा ललित दास या दिनेश कुमार ने निर्दलीय ताल ठोकने का एलान किया तो एक दूसरा मोर्चा भी खुलेगा. इस हालत में कांग्रेस का 39 वर्षों का सूखा खत्म कैसे होगा? इन तमाम नामों में एक भी चेहरा चुनावी अखाड़े का मास्टर नहीं है. अजय कुमार ने जरुर लोकसभा चुनाव में अपना परचम लहराया है, और इसके साथ ही जमशेदपुर में एक बड़ा चेहरा भी हैं, इस हालत में देखना होगा कि कांग्रेस किस चेहरे पर दांव लगाती है, या फिर झामुमो के अंदर से कोई नया खेल सामने आता है. क्योंकि जिस तरीके से ठीक विधान सभा चुनाव के पहले कुणाल षाडंगी ने भाजपा को अलविदा किया है, उसके बाद जमशेदपुर के सियासी गलियारों में कई कहानियां तैरती दिख रही है. फिलहाल हमें इसके लिए इंतजार करना होगा.
